प्लॉट विवाद पर प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारी

Apr 25 2021

ग्वालियर। कोरोना कर्फ्यू के बीच तीन बदमाशों ने घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। वारदात गणेश हजीरा के विहार कॉलोनी की है। परिजन ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि गोली युवक के पेट के आर-पार हो गई। आरोपियों और प्रॉपर्टी डीलर के बीच प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हजीरा थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर गणेश कॉलोनी निवासी पिंटू उर्फ तरुण बैस पुत्र योंगेंद्र बैस प्रॉपर्टी डीलर है। पिंटू ने हाल में एक प्लॉट लिया है। यहां एक रूम बनवाया है। इस प्लॉट को लेकर पास ही रहने वाले ओपी पंडित उर्फ जिंद्र शर्मा नामक युवक से विवाद चल रहा है। दोनों प्लॉट पर मालिकाना हक जता रहे हैं। रविवार सुबह 11 बजे पिंटू मकान की तराई कर रहा था, तभी पास ही रहने वाला जिंद्र शर्मा अपने साथी अवधेश पंडित व एक अन्य साथी के साथ आया। प्लॉट को अपना बताकर विवाद करने लगा।
विवाद बढ़ा, तो उनके बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान जितेंद्र ने पिस्टल से पिंटू को गोली मार दी। गोली प्रॉपर्टी डीलर के पेट में लगी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। आवाज सुनते ही आसपास के लोग और पिंटू के परिजन आ गए। तत्काल उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। बयान के बाद आरोपी जितेंद्र, अवधेश व एक अन्य पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
बताया गया है, जिस जमीन को लेकर गोली चली है, इससे पहले भी कई बार विवाद हुए हैं। रविवार को जितेंद्र ने पिंटू को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद थाना प्रभारी हजीरा आलोक सिंह परिहार ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद तत्काल आरोपियों के घर पर दबिश दी गई, लेकिन घर पर ताला डला मिला। उनकी तलाश में पुलिस पार्टियां रवाना की गई हैं।