लॉकडाउन का डर लौट रहे थे घर, पहुंचे अस्पताल

Apr 25 2021

ग्वालियर। कोरोना की बेकाबू हो रही दूसरी लहर व कोरोना कफ्र्यू के हालात को देखते हुए मजदूरी ना मिलने से परेशान मजदूर वापस अपने घर लौट रहे थे, अभी बस आंतरी थाना क्षेत्र के कल्याणी के पास पहुंची तो चालक ने लापरवाही व तेजी से चलाने लगा। जिससे बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में डेढ़ दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घटना का पता चलते ही आंतरी, पिछोर, बिलौआ थाने के साथ ही अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजकर शेष यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया। 
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब साढ़े बारह बजे के करीब दिल्ली से पन्ना जा रही वीडियो कोच क्रमांक एमपी 07 पी 4007 बस जब आंतरी थाना क्षेत्र के कल्याणी स्थित आलोक फार्म हाउस के पास पहुंची तो चालक ने बस को गति देते हुए ट्रक से ओवरटेक कर रही एक अन्य बस को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया तो चालक का संतुलन बस से हट गया और बस सड़क किनारे गड्डे में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस मेें सवार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बस में सवार यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव में जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए आंतरी थाना पुलिस के साथ ही बिलौआ और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। 
मौके पर पहुंची पुलिस जब बचाव में जुटी तो पता चला कि कनेक्टर साइड का हिस्सा दबा हुआ है, जिससे यात्री निकल नहीं पा रहे है। पुलिसकर्मियों ने तुरंत ही वहां मौजूद दूसरी बस के यात्रियों की मदद से बस सीधी कराई और घायलों को बाहर निकला और जिनकों उपचार की जरूरत थी, उन्हें थाने के वाहनों व एम्बूलेंस से उपचार के लिए भिजवाया। 
हादसे में बस में सवार करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे, लेकिन किसी को भी गंभीर चोट नहीं थी। हालात सामान्य देखकर पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली और वहीं परेशान हो रहे यात्रियों के लिए रात में ही ग्वालियर से बस मंगाकर उन्हें रवाना किया। पुलिस ने हादसे में घायल वीरेन्द्र कुमार पुत्र तेजी लाल आदिवासी की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
मजदूरी ना मिलने व लॉकडाउन का था डर
हादसे में घायलों ने बताया कि वे पन्ना के रहने वाले है और दिल्ली में मजदूरी करते है, उनके साथ ही बस में सवार ज्यादातर यात्री मजदूर है और मजदूरी ना मिलने व लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या व लॉकडाउन के डर से अपने घर जा रहे थे। जिससे अपने घर पर जो भी मिलेगा, उससे जीवन यापन करेंगे। 
आपका कहना हैं
बस चालक की लापरवाही से बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में घायलों का उपचार के बाद दूसरी बस से उन्हें रवाना कर दिया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। 
अमित शर्मा, थाना प्रभारी आंतरी