यूपी के मोदीनगर से ग्वालियर पहुंची ऑक्सीजन टैंकर ड्राइवर बोला- पता था हमें कि कहीं रुके तो ग्वालियर में थम सकती हैं सैकड़ों भाइयों की सांसें

Apr 24 2021

ग्वालियर। आखिरकार यूपी के मोदीनगर से राहत की सांस (ऑक्सीजन टैंकर) लेकर उदयवीर और अफसर खान शनिवार सुबह ग्वालियर पहुंचे हैं। यह भी किसी मसीहा से कम नहीं हैं। मोदीनगर से ग्वालियर की दूरी 400 किलोमीटर है। शुक्रवार रात 11 बजे यह ऑक्सीजन टैंकर लेकर निकले। शनिवार सुबह 6 बजे यह ग्वालियर पहुंच गए हैं। टैंकर चला रहे उदयवीर ने बताया कि मोदीनगर से ग्वालियर के बीच वह 1 मिनट के लिए भी कहीं नहीं रुके हैं। वह जानते थे कि ग्वालियर में सैकड़ों भाइयों की जान ऑक्सीजन के लिए अटकी हुई है। यदि वह रुकते तो कई सांसे थम सकती हैं। इसलिए टैंकर को हवा से बातें कराते हुए सीधे ग्वालियर पहुंचे हैं।
शुक्रवार को रात को ऑक्सीजन की कमी से पूरे ग्वालियर में हाहाकार मच गई थी। आनन-फानन में ऑक्सीजन की डिमांड पूरी करने की व्यवस्था की गई। उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित मोदीनगर से ऑक्सीजन का टैंकर मंगाया गया था। रात 11 बजे ऑक्सीजन टैंकर लेकर चालक उदयवीर सिंह व अफसर खान ग्वालियर के लिए निकले। करीब 400 किलोमीटर का सफर जल्द से जल्द पूरा करना था। चालक उदयवीर सिंह ने मन ही मन ठान लिया कि वह ग्वालियर में अपने भाइयों के बीच जल्दी ऑक्सीजन लेकर पहुंचेंगे। मोदीनगर से ग्वालियर के 12 घंटे के रास्ते को उन्होंने सिर्फ 7 घंटे में पूरा किया। वह सुबह 6 बजे ग्वालियर पहुंच गए।
बिना चाय झपकी आती है, लेकिन नहीं रुके
उदयवीर और अफसर खान ने बताया कि रात को गाड़ी चलाते समय वह हर एक घंटे के बाद चाय पीते हैं, क्योंकि रात को चाय नहीं पीते तो झपकी आती है। पर इस बार वह एक पल के लिए नहीं रूके। उनको पता था कि वह रुकेंगे तो कई की सांसें रुक सकती हैं।