शर्मनाक छुपाकर रखी थी ऑक्सीजन, डबरा में ताले में बंद कर रखी थीं सांसें, पुलिस ने जब्त किए 40 सिलेंडर

Apr 24 2021

ग्वालियर। लोग आपदा में भी कालाबाजारी से बाज नहीं आ रहे। जेएएच में बीते 15 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इन्हें ऑक्सीजन की कमी से मौत माना जा रहा है। वहीं, डबरा में एक सिलेंडर सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन से भरे सिलेंडर बेच रहा था। जब इसकी सूचना पुलिस अफसरों को मिली, तो वह मौके पर पहुंचे। गोदाम में रखे 40 ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त कर लिए। बरामद सिलेंडरों में से 22 सिलेंडर ऑक्सीजन से भरे थे। बाकी भी आधे भरे थे। पुलिस ने सिलेंडर जब्ती में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने बताया, सूचना मिली थी कि डबरा के बल्ला का डेरा में एक सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन सिलेंडर बेच रहा है। इस पर एएसपी जयराज कुबेर व थाना प्रभारी डबरा विनायक शुक्ला मौके पहुंचे। मौके से एक युवक को पकड़ा और वहां से 40 सिलेंडर बरामद किए। युवक ने अपना नाम चेतन गुप्ता बताया है। पुलिस ने सिलेंडरों को निजी अस्पतालों में पहुंचा दिया है।
पड़ताल में पता चला है, बरामद सिलेंडर इंडस्ट्रियल सप्लाई के लिए रखे थे, लेकिन कुछ दिनों से ऑक्सीजन की डिमांड जिले में बढऩे पर यहां से सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे थे। पुलिस ने चेतन गुप्ता से पूछताछ शुरू कर दी है।