कंटेमेंट जोन:सिर्फ रिकॉर्ड हो रहा है मेंटेन

Apr 23 2021

ग्वालियर। कोरोना संक्रमितों के घर, गली-कॉलोनियों को सिर्फ रिकॉर्ड मेंटेन करने के लिए कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। क्योंकि, शहर के कंटेनमेंट जोन में न तो संक्रमण से निपटने वाली व्यवस्थाएं हैं और न सख्ती। स्थिति ये है कि इंसीडेंट कमांडर्स की टीम कहीं तो बेरीकेड्स व कोविड पर्चा लगाकर कंटेनमेंट जोन बना रही है और कहीं ये जोन नहीं बनाए जा रहे। संक्रमितों के घर-परिसर को सेनिटाइज्ड भी दिखावे के लिए किया जा रहा है। नहीं जिन मरीजों की संक्रमण के कारण मृत्यु हो रही है। उनके घरों पर भी प्रशासन द्वारा सेनिटाइजेशन व दूसरी एहतियात नहीं बरती जा रहीं। रामबाग कॉलोनी में बीते दिनों अजय खटीक की मृत्यु कोरोना से हुई और इनके ही एक अन्य रिश्तेदार की भी मृत्यु हो चुकी है। फिर भी मृतक के घर व आसपास प्रशासन ने कोई एहतियात नहीं बरती। जिससे उनके आसपास रहने वाले लोग अब भी भयभीत हैं। प्रशासन ने ग्वालियर में 353 कंटेनमेंट जोन होना बताया है।