बाजार में घूमे अधिकारियों ने कोरोना कफ्र्यू का उल्लंघन करने वालों पर की कार्रवाही

Apr 22 2021

भितरवार। देश प्रदेश जिले के साथ साथ नगर में फैली कोरोना की बीमारी की रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों पर पानी फेरने वाले लापरवाह लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाही शुरू कर दी है। शासन द्वारा 30 अप्रैल तक जनता कफ्र्यू के नाम से बढ़ाये गए कोरोना कफ्र्यू का पालन कराने के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल एवं नगर परिषद के अमले को लेकर बाजार में घूमे जहां उन्होंने दुकानों के बाहर बैठे दुकानदारों से कोरोना कफ्र्यू का पालन करने की सख्त हिदायत दी। और अनावश्यक घूम रहे दुपहिया बाहन चालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाही की।
कोरोना के जानलेवा वायरस की चपेट में आने से दिन प्रतिदिन बढ़ रही संक्रमितों की संख्या देख शासन द्वारा 30 अप्रैल तक जनता कफ्र्यू घोषित किया है। कोरोना से बचाव के लिए शासन द्वारा लिए गए इस निर्णय का पालन कराने गुरूबार को सुबह 9 बजे नायब तहसीलदार कमल सिंह कोली, सीएमओ सतीश दुबे पुलिस बल, राजस्व कर्मी एवं नगर परिषद के अमले के साथ नगर के मुख्य बाजार में घूमे। इस दौरान उन्हें करैरा तिराहे से बस स्टैंड तक कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के आगे बैठे नजर आए। जिन्हें अधिकारियों ने कड़े निर्देश देते हुए घरों को रवाना किया। वहीं इस दौरान दूसरे गेट से सामग्री विक्रय करने वाले दुकानदार अधिकारियों को देख भाग खड़े हुए। वहीं अधिकारियों ने अमले से बाजार में सड़कों पर बेबजह खड़े चार एवं दुपहिया वाहनों की हवा निकलवाई। बाजार भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने फल सब्जी के ठेके वालों को खदेड़ते हुए उनसे गली मोहल्लों में फेरी लगाकर विक्री करने की बात कही।
वहीं अधिकारियों की ऐसी सख्ती देख कई लोग दूसरे मार्गो से भागते दिखाई दिए। इस दौरान सड़कों पर घूमते दिखाई दिए लोगों को प्रशासनिक अधिकारियों ने कानूनी कार्यवाही की चेतावनी देते हुए घरों में रहने की बात कही। इस दौरान पूरे नगर में नगर परिषद के वाहन से संचालित माइक के माध्यम से अनाउंसमेंट कराकर कोरोना कफ्र्यू के नियमों का पालन करने की अपील लोगों से की गई। वहीं बाजार में कार्रवाही के दौरान अधिकारियों को कुछ दुकानदारों का विरोध भी झेलना पड़ा। कईजगह दुकानदारों से तीखी नोंक झोंक होते दिखी।