एसपी अमित सांघी भी खुद शहर के भ्रमण पर निकले

Apr 19 2021

ग्वालियर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए कोरोना कफ्र्यू का पालन कराने अब सख्ती बरती जा रही है। पुलिस सुबह से सड़कों पर बेवजह निकलने वालों पर कार्रवाई कर रही है। सोमवार को भी सख्ती नजर आई। पुलिस ने नियम तोडऩे वाले 29 लोगों पर एफआईआर दर्ज की। इसमें दुकानदार से लेकर वह लोग शामिल हैं, जो घर से बिना काम के बाहर निकले और मास्क नहीं पहने थे। पुलिस ने 1800 लोगों के चालान भी बनाए। शाम को एसपी अमित सांघी भी खुद शहर के भ्रमण पर निकले। सड़क पर जो बिना काम के तफरी करता मिला,उस पर कार्रवाई कराई। खुद अनाउंसमेंट भी किया।
उपनगर ग्वालियर में राकेश सेन सैलून खोलकर बैठ गया। दो लोग बाल कटवा रहे थे। पुलिस ने सैलून बंद कराकर एफआईआर दर्ज की। सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी तिराहे पर सुबह करीब 11.30 बजे लवकुश धानुक और रामनिवास सिंह बिना मास्क के निकले। चेकिंग में इन्हें पकड़ा गया और एफआईआर दर्ज की गई। माधौगंज में सुबह 9 बजे के बाद दो दुकान खुली मिलीं। दुकान संचालक नरेश और भूरा अग्रवाल पर एफआईआर हुई। यह लोग बिना मास्क के दुकान पर बैठे थे। 
मुरार में एसडीएम ने स्टिंग कर पकड़ा मिठाई बेचने वाला, दुकान सील
मुरार में चोरी-छिपे सामान बेचने वाले एक दुकानदार को प्रशासन की टीम ने स्टिंग कर पकड़ा और उसकी दुकान को सील कर दिया। एसडीएम पुष्पा पुषाम को सूचना मिली थी आनंद मिष्ठान भंडार का संचालक दुकान का शटर बार-बार उठाकर लोगों को सामान बेच रहा है। फिर श्रीमती पुषाम ने पटवारी दीवान सिंह राजपूत को वहां आइसक्रीम लेने के लिए भेजा। दीवान ने दुकान के बाहर बैठे लड़के को पैसे दिए और जब लड़के ने शटर उठाकर आइसक्रीम दी। तो एसडीएम व टीम सदस्यों ने दबिश दी और दुकानदार को कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उक्त दुकान को सील कर दिया गया।