बाजार सूने, सड़कों पर चहल-पहल

Apr 18 2021

ग्वालियर। बाजारों और सड़कों पर सख्ती के बाद भी लोग निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस कारण पुलिस की परेशानी बढ़ती जा रही है। रविवार दोपहर थाटीपुर चौराहा पर सब्जी का ठेला लगाए खड़ी एक महिला से जब एएसआई अनार सिंह यादव ने हाथ जोड़कर समझाते हुए कहा- बहन हाथ जोड़ रहे हैं सबकी भलाई के लिए घर चली जाओ, बदले में हाथ जोड़कर महिला भी बोली- बच्चों को भूखा मार दें।
यह सुनकर एएसआई के होश उड़ गए। हालांकि उन्होंने फिर से निवेदन किया तो महिला वहां से जाने को तैयार हो गई। उसे समझाया गया कि यह उन्हीं लोगों की सुरक्षा के लिए है। साथ ही व्यापार करने के लिए सुबह तीन घंटे छूट दी जा रही है। कई जगह पुलिस ने इस तरह निवेदन कर लोगों को घरों में रहने के लिए समझाइश दी है, लेकिन लोग कहां मानने वाले थे जरा मौका मिला तो निकल आए सड़कों पर।
इसके बाद पुलिस ने सख्ती भी बरती है। हजीरा के बाजारों में सुबह-सुबह डंडा भी चलाना पड़ा है। पुलिस को आता देख व्यापारी दुकानों के शटर बंद कर भाग जाते हैं। पुलिस दल के वहां से निकलने पर फिर शटर खोलकर धंधा शुरू कर देते हैं। पुलिस ने बाजारों के अलावा सड़कों पर चालान की कार्रवाई कर जुर्माना वसूला है।
रविवार सुबह होते ही शहर में बाजार खुल गए थे। कफ्र्यू में सुबह 6 से 9 बजे तक सब्जी, दूध, फल, ब्रेड के लिए छूट दी गई है। पर सब्जी, दूध की आड़ में बाजारों में किराना, स्वीट्स शॉप व अन्य दुकानें खुल जाती हैं। रविवार सुबह 9 बजने के साथ ही पुलिस डंडा लेकर शहर के बाजारों व मंडियों की तरफ निकली। पुलिस के तेवर देखकर लोगों ने तत्काल शटर डाउन कर दुकाने बंद कर दी।
पुलिस ने जिसको भी बाहर खड़ा देखा तो सख्ती से समझाया। महिलाओं से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि कलेक्टर-एसपी द्वारा बनाए गए नियमों व व्यवस्था में सहयोग करें। सुबह 9.30 बजे तक पूरे शहर में बाजार बंद हो गए। बाजार सूने होने पर लोग सड़कों पर तफरी करने निकल रहे हैं। जिन्हें शहर के विभिन्न प्वाइंट पर चेकिंग में पकड़कर पुलिस ने जुर्माना वसूला है। रविवार दोपहर तक 300 लोगों पर जुर्माना किया जा चुका था।
पुलिस वाहनों में गाना बजाकर लोगों को दी जा रही समझाइश
शहर में पुलिस लोगों को घर में ही रहने के लिए समझाइश देने के लिए पुलिस वाहनों में गाने भी बजा रही है। थाने के वाहन पर ऊपर स्पीकर लगाकर गाना बजाया जा रहा है "डंडे का इस्तेमाल मुझे आता है, लेकिन तेरे बाल बच्चों का ख्याल आ जाता है।" साथ ही अन्य तरह के गाने बजाए जा रहे हैं। इसके बाद भी यदि कोई नहीं समझता है तो उसे डंडे का इस्तेमाल दिखाया भी जाता है। 
आईजी ने ली पुलिस अफसरों की क्लास
शहर में कोरोना कफ्र्यूं के दौरान सड़क पर लोगों के लगातार निकलने पर शनिवार को आईजी ग्वालियर अविनाश शर्मा ने पुलिस अफसरों और जवानों की अच्छे से क्लास ली है। आईजी ने वायरलेस पर आने के बाद सीधे एएसपी, सीएसपी, डीएसपी, टीआई को चेतावनी दी है कि वह किसी भी तरह सड़कों पर घूमने वालों को रोकें। उन्होंने कहा कि वह खुद दो से तीन घंटे घूम रहे हैं, लेकिन जिले के अन्य अफसर भी फ्रंट पर रहकर एक्शन लें। यह समय है जब पुलिस आगे बढ़कर सभी को इस वायरस से बचा सकती है।