60 घंटे लॉकडाउन के बाद सब्जियों के बढ़े दाम, लेना मजबूरी

Apr 12 2021

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने जिला प्रशासन ने शुक्रवार से लेकर सोमवार की सुबह 6 बजे तक 60 घंटे का लॉकडाउन घोषित किया था। सोमवार की सुबह लक्ष्मीगंज स्थित सब्जी मंडी में लोगों को सब्जी के चढ़ते भाव रूलाते दिखाई दिए। वजह की पड़ताल में पता चला कि व्यापारी सब्जी की आवक कम होने की बात बता रहे हैं। उनके अनुसार मांग के अनुरूप बाजार में सब्जी उतर नहीं रही है। वहीं कई ग्रामीण इलाकों से आए किसानों ने बताया कि आवक रोजाना हो रही है। बड़े आढ़तिए स्टॉक कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में सजियों के दाम बढऩे लगे हैं। 
बता दें कि 60 घंटे के लॉकडाउन के पहले लोगों को 20 रुपये किलो टमाटर, कद्दू 25 रुपये मिल जाया करती थी। अब लॉकडाउन के बाद सब्जी के दाम बढ़कर दोगुना से भी अधिक हो गया है। आज सुबह ठेले वालों ने टमाटर का दाम 30-40 रुपये किलो, भिडी 40 से 45 रुपये किलो, कद्दू 40 रुपये प्रति किलो, बंैगन 30 से 40 रुपये किलो, करेला 30 से 40 रुपये प्रति किलो, खीरा 60 रुपये किलो बाजार में बिक रहा है।
व्यापारियों का कहना-सब्जी की आपूर्ति बाधित
लॉकडाउन बाद से ही सब्जी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आज सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ देखी गई। शहर में गांव से सजी की आपूर्ति हो रही है। विक्रेता भी बदली परिस्थिति का फायदा उठाने लगे हैं। मांग के अनुसार आवक नहीं है। इसलिए सब्जी की कीमत में उछाल है।
दाम पर नहीं प्रशासन का कंट्रोल
गली-मोहल्लों में सब्जी वालों ने बढ़े हुए दाम में सब्जी बेची तो लोगों ने कहा कि तीन दिन पहले तक टमाटर के भाव कम थे आज वे दुगने कैसे हो गए। ठेला संचालक ने कहा कि हम क्या करें हमें मंडी से ही महंगा माल रहा है। इधर प्रशासन का भी सब्जी के बढ़े दाम कंट्रोल करने पर कोई प्रभावी एशन नहीं है। इससे आम लोगों का बजट बिगड़ रहा है।
भीड़ रोकने कोई नहीं तैनात
सोमवार सुबह सब्जी मंडी में 60 घंटे लॉकडाउन के बाद व्यापारी, किसान और अन्य लोगों की भीड़ देखी गई। लेकिन यहां पर न तो कोविड-19 के नियमों का पालन किया गया और न ही लोग मास्क पहने दिखाई दिए। हैरत की बात तो यह रही है कि भीड़ पर नियंत्रण रोकने होमगार्ड, पुलिस और जिला प्रशासन का कोई जिमेदार दिखाई दिया।