रविवार को दिखी सख्ती, सूनसान रहे बाजार लॉकडाउन

Apr 11 2021

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते कदमों को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू है। रविवार को पुलिस सुबह से ही सख्त नजर आई। सुबह-सुबह दूध, सब्जी व फल खरीदने निकले लोगों को मामूली ढील के बाद फिर सड़कों पर सख्ती बढ़ा दी। सड़कों पर पुलिस थी, बाजारों में सन्नाटा पसरा था, लेकिन फूलबाग चौकी के ठीक पीछे मैदान में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी थी और क्रिकेट मैच में चौके छक्के लग रहे थे। न कोई मास्क पहने था न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल था। हर बॉल के साथ लॉकडाउन का मजाक उड़ाया जा रहा था, लेकिन कोई कार्रवाई करने वाला नहीं था। जिला प्रशासन और पुलिस दोनों यहां से गायब रहे। जिला प्रशासन की शनिवार को दुकानों को सील करने की कार्रवाई का असर रविवार को बाजारों में दिखा है।
मध्य प्रदेश में जिस स्पीड से कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है उसकी चैन को तोडऩे के लिए प्रदेश के हर शहर में लॉकडाउन लागू है। ग्वालियर में भी शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे के लिए लॉकडाउन लागू है। शनिवार को दूध-सब्जी की छूट के बीच सैकड़ों लोग सड़क पर आ गए। जिस कारण जिला प्रशासन और पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। पर रविवार को सुबह से ही पुलिस सख्त नजर आई, क्योंकि एक दिन पहले ही शनिवार को 477 कोरोना संक्रमित जिले में मिले हैं। जो जिले में कोरोना इतिहास में अभी तक के सबसे ज्यादा संक्रमित हैं। इस कारण रविवार सुबह से ही जिला प्रशासन और पुलिस कोई ढील देने के मूड में नहीं थे। रविवार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बाजारों और सड़कों पर लोग नजर आए, लेकिन इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दी। पुलिस और प्रशासन के वाहन बाजारों में पहुंचे। मेडिकल स्टोर, दूध और पेट्रोल पंप को छोड़कर जो दुकाने खुली दिखीं उनके चालान बनाए और सील करना शुरू कर दिया। सड़क पर भी पुलिस ने बिना कारण घूमने निकलने वालों से सख्ती बरती। कुछ ही देर में बाजारों में सन्नाटा छा गया।
फूलबाग मैदान में जमकर चला क्रिकेट
पूरे शहर में 60 घंटे का लॉकडाउन है। बीते तीन दिन में कोरोना मीटर सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है शनिवार को 477 नए संक्रमित मिले तो अभी तक के सबसे ज्यादा थे, लेकिन इसके बाद भी लोग लॉकडाउन तोडऩे से बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार को शहर के बीचों बीच फूलबाग चौराहा से लगे मैदान मे 30 से 40 लड़के अलग-अलग समूहों में क्रिकेट मैच खेलते नजर आए। हर चौके छक्के के साथ लॉकडाउन की धज्जियां उड़ रही थीं। कोई भी मास्क नहीं पहने था और टीमें एक दूसरे के पास बिना डिस्टेंस के बैठे नजर आए। पर कार्रवाई करने वाले जिला प्रशासन, पुलिस यहां से नदारद नजर आई।
बिना कारण निकलने वालों से वसूला जुर्माना
पुलिस ने बाजारों के आसपास और प्रमुख चौराहों पर चैकिंग प्वाइंट लगाकर चैकिंग की है। ष्ठस्क्क ट्रैफिक नरेशबाबू अन्नौटिया ने बताया कि सुबह से ही चैकिंग की जा रही है। बिना कारण निकलने वालों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही चालान की कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जा रहा है। पूरे शहर में सुबह से पुलिस अलर्ट है और चालान की कार्रवाई कर रही है।
लॉकडाउन के कारण महंगी मिली सब्जी
रविवार को लॉकडाउन के चलते सब्जियां महंगी मिली हैं। हर सब्जी के दाम डेढ़ से दो गुना हो गए हैं। जो खीरा दो दिन पहले तक 20 रुपए किलो बिक रहा था वह 40 रुपए किलो में बिका है। इसके साथ ही लोकीं, आलू, तुरई, कद्दू, के दाम में भी प्रति किलोग्राम पर 10 से 12 रुपए का इजाफा हुआ है। फलों के दाम भी बढ़ गए हैं।