कैबिन में बुलाकर महिला से छेड़छाड़ के आरोपीऔर कंपू टीआई केएन त्रिपाठी बर्खास्त

Apr 09 2021

ग्वालियर। अपने कैबिन में बुलाकर ई-रिक्शा चलाने वाली महिला से छेड़छाड़ करने वाले तत्कालीन कंपू टीआई केएन त्रिपाठी को बर्खास्त कर दिया गया है। अक्टूबर 2020 में उनके खिलाफ महिला थाना में छेड़छाड़ और धमकाने का मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर होने के बाद टीआई को सस्पेंड कर दिया गया था। काफी समय तक वह फरार रहे। अभी कुछ दिन पहले ही उनकी जमानत हुई थी, लेकिन उसके बाद उनको बर्खास्त कर दिया गया है।
अक्टूबर 2020 में कंपू में ई-रिक्शा चलाने वाली 30 वर्षीय रानी (बदला हुआ नाम) निवासी घोसीपुरा अपनी एक सहेली के पति को छुड़ाने के लिए कंपू थाना पहुंची थीं। उस समय टीआई केएन त्रिपाठी वहां थे। उन्होंने महिला को अपने कैबिन में बुलाया। वहां टीआई ने महिला के काम के बदले में उसे कुछ शर्तें मानने के लिए कहा। इस दौरान महिला का सोशल मीडिया पर एक मैसेजिंग एप का नंबर ले लिया। इसके बाद टीआई महिला को एक रेस्टोरेंट में मिलने के लिए मैसेज करने लगा। मैसेजिंग एप पर उससे संबंध बनाने के लिए चैट करता रहा। इतना ही नहीं मैसेज में लिखता था कि तुम्हारी ई-रिक्शा में कैंसर हिल पर सैर करने चलेंगे। इसके बाद महिला ने रेस्टोरेंट जाने के बदले सीधे थाने पहुंचना मुनासिब समझा। जब महिला थाना पहुंच गई तो टीआई ने उसे कैबिन में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला वहां से भाग आई। यह बात पीडि़त महिला ने एक महिला काउंसलर को बताई। बाद में मामला महिला बाल विकास के जरिए ग्वालियर एसपी अमित सांघी के पास पहुंचा। हंगामा हुआ तो महिला थाना में तत्कालीन टीआई कंपू केएन त्रिपाठी के खिलाफ एफआईआर हुई। एफआईआर के साथ ही तत्काल उसे सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद से ही टीआई केएन त्रिपाठी फरार था।
महिला थाना में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी टीआई लगातार फरार रहा। न तो पुलिस लाइन में आमद दर्ज कराई न ही कोई लिखित जानकारी दी। लंबे तक फरार रहा। फरारी के दौरान वह लगातार पीडि़त महिला को राजीनामा करने के लिए धमकाता रहा था। इसी बीच में महिला ने धमकाने की शिकायत भी जनकगंज थाना में की थी। इस मामले में अभी कुछ ही दिन पहले कोर्ट से जमानत हासिल हुई थी, लेकिन इस मामले में इतना तूल पकड़ा कि सस्पेंड टीआई को बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में आईजी ग्वालियर अविनाश शर्मा ने तत्कालीन टीआई को बर्खास्त करने की पुष्टि की है।