ग्वालियर का व्यापारी दंपती लापता, सुसाइट नोट में लिखा- हम मरने जा रहे हैं

Apr 08 2021

ग्वालियर। दो मासूम बच्चों को छोड़कर कारोबारी दंपती चला गया। वह घर से दवा लेने लाने का कहकर निकले थे। तब से लापता हैं। घटना बहोड़ापुर के वर्षा नगर की है। दंपती की तलाश कर रहे परिजन के होश उस समय उड़ गए, जब घर से नोट मिला। इसमें दोनों ने मरने जाने की बात लिखी है। लापता व्यापारी ने कुछ समय पहले दतिया के गोराघाट में न्यू मुरारी ब्रिक्स के नाम से ईंट भट्टा खोला था, जिसमें 65 लाख रुपए खर्च हुए थे। नोट में पार्टनर मनोज प्रजापति पर 40 लाख रुपए हड़पने और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल स्थित वर्षा कॉलोनी निवासी बृजेश प्रजापति (32) पुत्र राकेश प्रजापति सोमवार रात 8 बजे पत्नी प्रीती के साथ दवा लेने के लिए निकले थे। सुबह से वह कुछ परेशान थे। जब देर रात तक वापस नहीं आए, तो परिजन ने तलाश शुरू की, लेकिन रात भर तलाश के बाद भी पता नहीं चला। छोटे भाई छोटू ने बहोड़ापुर थाना पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
सुसाइड नोट ने खिसका दी पैरों तले जमीन
अभी पुलिस लापता दंपती की तलाश कर रहे थे, तभी परिजन को घर पर एक दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा है कि वह अब सहन नहीं कर सकता था। उसके पार्टनर ने धोखा दिया है। वह पत्नी सहित मरने जा रहा है। उसकी मौत का जिम्मेदार पार्टनर मनोज प्रजापति है। वह उसके व अन्य पार्टनर के 40 लाख रुपए खा गया है।
सुसाइड नोट में लिखा है कि लॉकडाउन के बाद उसने दतिया के गोराघाट पर अपने साथियों मुरारी, मनोज प्रजापति व मिंटू के साथ न्यू मुरारी ब्रिक्स नाम से ईंट भट्टा का काम शुरू किया था। 65 लाख रुपए का खर्च आया था। 40 लाख मनोज को दिए थे, जो उसने उड़ा दिए। वह रुपए नहीं लौटा रहा है। मनोज की बजह से मैं यह कदम उठा रहा हूं। यह सुसाइड नोट पुलिस को दिखाया गया है। पुलिस ने इसी आधार पर छानबीन की है।
3 दिन से बच्चों ने नहीं खाया खाना
परिजन ने बताया कि बृजेश और प्रीति सुबह से ही अनमने दिख रहे थे। उनके दो बच्चे हैं 6 साल का बेटा कुनाल व 4 साल की बेटी वैष्णवी है। जाने से पहले बृजेश ने उन्हें आइसक्रीम लाकर दी थी। उसके बाद चाचा के पास छोड़कर चले गए। 3 दिन से बच्चों ने मां-पिता की याद में खाना नहीं खाया है।
पति-पत्नी लापता हुए हैं। दंपती घर से दवा लेने जाने की कहकर निकला था। तलाश की जा रही है। जल्द ही तलाश लिया जाएगा।
अमर सिंह सिकरवार, टीआई बहोड़ापुर थाना