80 की स्पीड से दौड़ रही थी कार, बेकाबू होकर डिवाइडर की रेलिंग से टकराई और पलटी

Apr 08 2021

ग्वालियर। बुधवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर उत्पात मचाया है। लगभग 80 से 100 की रफ्तार में जा रही कार बेकाबू हो गई। सड़क पर लहराते हुए कार पहले डिवाइडर की रेलिंग से टकराई फिर पलट गई। काफी दूर तक कार घिसटते हुई गई। घटना बुधवार रात 1 बजे फूलबाग चौराहा की है। घटना के बाद से चालक का कुछ पता नहीं है। पुलिस ने गाड़ी को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रात एक बजे तेज रफ्तार कार नम्बर एमपी07सीबी2063 फूलबाग की ओर से गुरुद्वारा की तरफ जा रही थी। अभी फूलबाग चौराहा से कार गुजरी ही थी, तभी रफ्तार अधिक होने के कारण गाड़ी बेकाबू हो गई। अचानक सड़क पर लहराई और डिवाइडर पर लगी रेलिंग को तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के समय कार में चालक के अलावा कितने लोग थे ये साफ नहीं हो सका है। पुलिस को घटना का पता देर रात लगा। हादसे में चालक घायल है या नहीं अभी ये भी पता नहीं लगा है। पर जिस तरह का हादसा है उससे साफ है कि चालक घायल हुआ होगा। पुलिस के पहुंचने से पहले कार सवार मौके से जा चुके थे।
पुलिस ने स्पॉट पर पहुंचकर कार को निगरानी में ले लिया है। ये कार ग्वालियर थाना क्षेत्र के लधेड़ी मछली मंडी निवासी धर्मेंद्र बाथम पुत्र चोखेलाल बाथम के नाम पर रजिटर्ड बताई गई है। अब पुलिस धर्मेंद्र की तलाश कर रही है।