एसपी की गाड़ी की रफ्तार थमी तो सिपाही को किया सस्पेंड

Apr 06 2021

ग्वालियर। रॉन्ग साइड आ रहे वाहनों से ट्रैफिक जाम हो गया। इसी समय एसपी ग्वालियर की गाड़ी वहां से गुजरी। जब कप्तान खुद जाम में फंसे तो आम लोगों की पीड़ा समझ आई। तत्काल प्वाइंट से गायब जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही एसपीुद सड़क पर अपने स्टाफ के साथ उतर आए और ट्रैफिक जाम खुलवाया। शहर में कई ऐसे प्वाइंट हैं जहां रॉन्ग साइड आने वाले या फिर नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के कारण ट्रैफिक जाम होना आम बात है। चर्चा रही कि हर बार तो पुलिस कप्तान जाम में नहीं फसेंगे। प्वाइंट पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को भी अपनी जिम्मेदारी निभाना होगी।
हाल ही में पुलिस ने शहर के बाड़ा स्थित टोपी बाजार में ज्वेलरी शॉप से गहने चोरी करने वाली पांच महिलाओं की गैंग को राजस्थान से पकड़ा था। चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सम्मान करने व्यापारियों ने एक समारोह सराफा बाजार में रखा था। इसी सम्मान समारोह में शामिल होकर पुलिस कप्तान अमित सांघी वापस लौट रहे थे। अभी उनकी गाड़ी छप्परवाला पुल पर पहुंची ही थी कि वहां ट्रैफिक जाम में फंस गई। पुलिस कप्तान ने देखा कि छप्परवाला पुल की ओर से आ रहे रॉन्ग साइड वाहनों के कारण ट्रैफिक जाम के हालात बन रहे हैं।
ट्रैफिक जाम होता देखने पर सबसे पहले एसपी अमित सांघी ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए खुद स्टाफ के साथ स्थिति को संभाला। उन्होंने रॉन्ग साइड गाडिय़ां लेकर आ रहे लोगों को फटकार लगाई। दो वाहनों को जब्त भी करवाया।
प्वाइंट से गायब मिला जवान, किया सस्पेंड
जब जाम कुछ काबू आया तो सबसे पहले कप्तान ने डीएसपी नरेशबाबू अन्नौटिया को तलब किया। यहां पता लगा कि इस प्वाइंट पर ट्रैफिक जवान नीरज यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। जब सेट पर उसे बुलाया गया तो वह गायब मिला। इस पर एसपी अमित सांघी ने तत्काल उसे सस्पेंड करने के निर्देश जारी कर दिए। कप्तान के चौराहा पर खड़े होने का पता चलते ट्रैफिक के अफसर, इंदरगंज थाना टीआई व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इंदरगंज थाना क्षेत्र में जाम लग रहा था और जयेन्द्रगंज रोड, न्यायालय रोड सहित रोशनीघर रोड पर वाहन कई घंटों रेंगकर चले हैं। इस पर भी एसपी ने पुलिस अफसरों को फटकार लगाई थी। इस पर एसपी अमित सांघी ने कहा है कि लापरवाही किसी की भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।