सिर्फ रेसिंग साइकिल उड़ाने वाला चोर अरेस्ट

Apr 04 2021

ग्वालियर। एक साथ दो साइकिल लेकर जा रहे युवक पर शंका होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो वह साइकिल छोड़कर भागने लगा। पुलिस जवानों ने पीछा कर युवक को पकड़ा और पूछताछ की तो पता चला कि पकड़ा गया युवक शातिर चोर है और घर के सामने खड़ी साइकिल पार करता है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी से दो दर्जन के लगभग साइकिल बरामद की है और अभी भी तीन टीमें साइकिल बरामद करने में लगी हुई है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया की एक युवक एक साथ दो साइकिल ले जाता दिखाई दिया। जिसे रोकने का इशारा किया तो युवक साइकिल छोड़कर भागने लगा, शंका होने पर आरक्षक धर्मेन्द्र सिंह तोमर व धर्मेन्द्र किरार ने उसका पीछा कर पकड़ा। पूछताछ की तो उसने बताया कि दोनों साइकिल चोरी की हैं और पकड़े जाने के डर से भाग रहा था। इसका पता चलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाए और पूछताछ की तो उसने अपना नाम आकाश बाथम निवासी शिन्दे की छावनी बताया है।
एक बार शुरू हुई पूछताछ के बाद पकड़े गए चोर ने कई चोरी की वारदात करना स्वीकार किया और करीब दो दर्जन साइकिलें, इंदरगंज और कंपू इलाके से बरामद कराई हैं। पुलिस अफसरों की माने तो पकड़े गए चोर से अभी भी काफी संख्या में वारदातों का खुलासा हो सकता है। 
रेसिंग साइकिल रहती थी निशाने पर
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए चोर ने बताया कि उसके निशाने पर सिर्फ रेसिंग साइकिल रहती थी और वह चोरी की गई साइकिल को मात्र 500 से 1000 में बेचता था।