सूने घर से चोर 10 लाख के गहने व टीवी चोरी कर ले गए

Apr 04 2021

ग्वालियर। व्यापारी ने नया शोरूम खोला था उसके बाद रात को जागरण का कार्यक्रम था। परिवार जागरण में था और सूने घर से चोर ताले चटककार 10 लाख के गहने, नकदी और 1 लाख रुपए की एलईडी टीवी चोरी कर ले गए हैं। वारदात शनिवार-रविवार दरमियानी रात विनय नगर सेक्टर-3 में मकान नंबर ए-40 में हुई है। वारदात का पता रविवार सुबह परिवार के घर लौटने पर चला। तत्काल बहोड़ापुर थाना पुलिस ने स्पॉट पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से भी घटना स्थल की जांच कराई है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
बहोड़ापुर के विनय नगर सेक्टर-3 ए-40 निवासी राहुल शिवहरे पुत्र गोपाल शिवहरे व्यापारी हैं। उनका मोची ओली में गद्दों को व्यवसाय है। हाल ही में उन्होंने सिटी सेंटर में इंटीरियर डेकोरेशन का काम शुरू किया है। एक बड़ा शोरूम बनाया है। 2 अप्रैल को शोरूम की ओपनिंग थी और उसके बाद माता का जागरण रखा था। पूरा परिवार माता के जागरण में शामिल होने गया था। शनिवार सुबह जागरण के बाद सभी लोग मोचीओली वाले पुश्तैनी मकान में चले गए। वहां भी पूजा पाठ का कार्यक्रम रखा था। विनय नगर में मकान सूना था और ताले लगे थे। इसका फायदा उठाते हुए चोर गिरोह ने आधी रात घर के ताले चटका दिए। अंदर अलमारी तक पहुंचे और सोने-चांदी के बेशकीमती गहने, नकदी, एलईडी टीवी  सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी का पता रविवार सुबह उस समय लगा जब व्यापारी राहुल शिवहरे अपने परिवार सहित घर वापस लौटे। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरी का अहसास होते ही तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी।
व्यापारी राहुल शिवहरे ने बताया कि चोर अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 77 हजार रुपए नकद, सोने के गहने जिसमें दो बड़े हार, एक छोटा हार, चेन, अंगूठी, व अन्य जेवरात लगभग 10 लाख रुपए, दो एलईडी टीवी जिनकी कीमत लगभग 1 लाख रुपए थी। साथ ही अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं।
व्यापारी के घर पर तो सीसीटीवी कैमरे तो नहीं लगे हैं पर आसपास के मकानों में कई जगह कैमरे लगे हैं। पुलिस आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इससे साफ हो सकेगा कि चोर कब आए थे कितनी देर ठहरे और उनकी संख्या व हुलिया मिल सकेगा। उसी आधार पर पुलिस छानबीन को आगे बढ़ाएगी।