लॉकडाउन में सड़कों पर सुबह रही चहल-पहल, दोपहर में रहा सन्नाटा

Apr 04 2021

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण की मुसीबत के दौर में रविवार को ग्वालियर में साल 2021 का दूसरा लॉकडाउन है। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने संडे-संडे लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है और इसका रविवार को ग्वालियर में मुकम्मल असर देखने को मिला। हमेशा चहल- पहल से भरा रहने वाला महाराजबाड़ा पर सुबह से सन्नाटा पसरा हुआ था। पूरे ग्वालियर का यही हाल रहा। हालांकि गली-कूचों की दुकानें आधे और पूरे शटर के साथ खुली रहीं पर मुख्य बाजारों में सुई पटक सन्नाटा खिंचा रहा।
 रविवार को लॉकडाउन में कोरोना के खौफ के चलते बाजार बंद रहे। पर सड़कों पर लॉकडाउन का मिला जुला असर दिखाई दिया है। सुबह सुबह जहां सड़कों पर चहल-पहल नजर आई तो दोपहर को सन्नाटा पसरा हुआ था। दोपहर बाद पुलिस भी सड़कों पर सख्त हो गई। जो बिना कारण घूमते नजर आया उसे पकड़कर अच्छी तरह सबक सिखाया है। कुछ लोग तो दवाइयों के पुराने पर्चे या एक्स-रे रिपोर्ट लेकर भी निकले हैं, जिससे पुलिस यदि रोकती है तो वह आसानी से निकल जाएं, लेकिन पर्चो को देखने के बाद ही पुलिस ने छूट दी है। पुलिस ने लॉकडाउन का नियम तोडऩे वाले आधा सैकड़ा लोगों के चालान भी करें।
शनिवार रात 10 बजे से बाजार बंद हुए हैं रविवार पूरे दिन लॉकडाउन रहेगा और सोमवार सुबह 6 बजे के बाद बाजार खुलेंगे। पर रविवार सुबह 10 बजे तक बाजारों में पुलिस ने हल्की ढील दी थी। जिससे लोग अपनी जरूरत का सामान जैसे दूध, ब्रेड, नाश्ता व राशन का इंतजाम कर लें। सुबह 10 बजे के बाद पुलिस सड़कों और चौराहों पर आ गई। इसके बाद जो बिना कारण घूमने निकला उसको सबक सिखाया। लोगों को चालान बनाकर जुर्माना वसूले गए। बाजारों में जिला प्रशासन की टीमें भी घूमी हैं जो दुकान खुली मिली उस पर जुर्माना किया गया है।
रविवार दोपहर एक युवक स्कूटर पर एक दोस्त के साथ जा रहा था। पुलिस ने जब बिना कारण घूमने का कारण पूछा तो युवक ने फटाफट स्कूटर की डिक्की खोली और एक एक्स-रे रिपोर्ट निकालकर दिखाने लगा। बताया कि यह रिपोर्ट डॉक्टर को दिखाने जा रहा हूं। जब पुलिस ने एक्स रे रिपोर्ट पर डेट देखी तो उस मार्च 2020 की थी, लेकिन बड़ी सफाई से 20 पर ओवर राइटिंग कर उसे 21 किया गया था। पुलिस ने कान पकड़े तो युवकों ने अपनी गलती मानी और बताया कि एक जरूरी काम से रिश्तेदार के घर जा रहे हैं। पुलिस ने उनका चालान किया और फिर वापस भेज दिया।
पुलिस की सख्ती के चलते रविवार को जो भी व्यक्ति घर से बाहर आया, उन सबके चेहरे पर मास्क लगा हुआ था। सवारी वाहनों में भी दो पहिया वाहन पर एक व्यक्ति और कार में दो ही व्यक्ति नजर आ रहे थे। जिन दो पहिया वाहनों पर पुलिस को एक से ज्यादा सवारी मिली उन्हें रोका गया और समझाइश के बाद छोड़ गया ।
एएसपी, एडीएम ने की निगरानी
लॉक डाउन का पालन ठीक तरह से हो इसके लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी सड़कों पर घूमकर निगरानी में लगे हैंं। पुलिस कप्तान ने साफ शब्दों में कहा है जो कोविड गाइड लाइन का पालन न करने वालों पर सख्ती से एक्शन लें। कलेक्टर के आदेश के बाद से ही पुलिस व प्रशासनिक अमला एक्शन में रहा।
नहीं खुली दुकानें, ठेले वालों को वापस भेजा
लॉकडाउन का इस बार शहर के दुकानदार भी पालन करते दिखाई दिए. पहले जो चोरी से दुकान खोलकर धंधा करने में लगे रहते थे, वह भी आज शटर उठाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सुबह कुछ सब्जी व फल के ठेले वाले सड़कों पर आ गए थे, लेकिन इन्हे कार्रवाई की चेतावनी देकर वापस कर दिया गया।
लॉकडाउन की अवधि के दौरान सभी तरह की दैनिक गतिविधियां, सभी निजी एवं शासकीय संस्थाएं, दुकान, जिम, स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स, स्वीमिंग पूल, होटल, क्लब, गार्डन, अन्य दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही लॉकडाउन अवधि में शराब की दुकानें और बीयर बार व अहाते बंद रहेंगे।
लॉकडाउन के दौरान दूध एवं कैमिस्ट की दुकान तथा अस्पताल खुले रहेंगे। इसके साथ ही आवश्यक वस्तुओं के थोक परिवहन, औद्योगिक इकाइयों एवं उसके श्रमिकों और कर्मियों, औद्योगिक कच्चे माल तथा उत्पाद के परिवहन, बीमार व्यक्तियों के आने-जाने, बाहर से आने वाले ट्रक, डंपरों को तथा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्ड से आने एवं जाने की छूट रहेगी। सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, लेकिन जो परीक्षाएं पहले से तय हैं वह होंगी।