जलकर, संपत्तिकर, मल कर में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने संभागायुक्त को दिया ज्ञापन

Apr 03 2021

ग्वालियर। जलकर में बढ़ोत्तरी, संपत्तिकर की कलेक्टर गाइड लाइन के हिसाब से वसूली तथा मल कर के रूप में नया टैक्स थोपने के नगर निगम के निर्णय पर कांग्रेसी हरकत में आ गये। शनिवार की सुबह दोनों विधायकों डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, प्रवीण पाठक सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों को लेकर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा नगर निगम प्रशासक व संभागायुक्त आशीष सक्सेना के बंगले पहुंचे और विरोध जताया। संभागायुक्त ने कहा कि सरकार ने ही निर्णय को स्थिगित कर दिया है। इस पर नेताओं ने कहा कि निर्णय स्थगन के नाम पर सरकार झूठ बोलती है, जैसे कि कोविड संकट में बिजली बिल को स्थगित किया था और बाद में वसूली कर ली। इसलिए जलकर, संपत्तिकर, मल कर का निर्णय स्थिगित नहीं निरस्त किया जाना चाहिए।
नेताओं ने कहा कि भाजपा ने हमेशा की जनता को ठगा है। सुविधा के नाम पर कुछ दिया नहीं जा रहा, योजनाओं के नाम पर झूठ बोला जा रहा है। इसलिए नगर निगम का निर्णय किसी भी हाल में मंजूर नहीं होने देंगे। संभागायुक्त ने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए नगरीय निकायों को सख्त फैसले लेना पड़ रहे हैं। इस पर नेताओं ने कहा कि पहले सुविधाएं दो तब सोचना। संभागायुक्त ने कहा कि वे उनका ज्ञापन शासन को भेज देंगे। ज्ञापन देने बालों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अमर सिंह माहौर, महाराज सिंह पटेल, वीरसिंह तोमर, इब्राहिम पठान, चतुर्भुज धनोलिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम कृष्णराव दीक्षित, रुचि ठाकुर आदि शामिल थे।