ओवरलोड, रफ्तार, डिवाइडर व संकेतक रहे हादसे की वजह , 13 की मौत, वजह जानने भोपाल से आई टीम

Mar 31 2021

ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मुरैना रोड पर बस व ऑटो की भिडं़त में हुई 12 महिलाओं व ऑटो चालक की मौत के मामले की जांच करने के लिए पुलिस मुख्यालय से एक जांच टीम आई है। यह पहला मौका है कि सड़क हादसे में हुई मौत के मामले की जांच के लिए भोपाल से टीम शहर में आई है। टीम बुधवार घटनास्थल पर पहुंची और जांच में पता चला कि हादसा ओवरलोड, रफ्तार, डिवाइडर व संकेतकों का ना होने के चलते हुआ है। 
ज्ञात हो कि 23 मार्च की सुबह पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के आनंदपुर ट्रस्ट अस्पताल के पास तेज रफ्तार बस व ऑटो की भिड़ंत में ऑटो में सवार 12 महिलाओं व ऑटो ड्राइवर की मौत हुई थी। इस मामले में  बुधवार को पुलिस मुख्यालय से रक्षित निरीक्षक राजीव खरे के नेतृत्व में एक टीम को घटना स्थल का निरीक्षण करने व हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने के लिए गया है, जिसमें पुरानी छावनी थाना पुलिस के साथ निरीक्षण किया और हादसे की वजह जानी।
जांच अधिकारी राजीव खरे ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ वहां पर एक भी संकेतक नहीं है और ना ही एक भी डिवाइडर है, यहां से गुजरने वाली बसों की भी जांच की तो उनमें स्पीड गवर्नर नहीं मिले हंै। साथ ही सड़क पर डिवाइडर होना चाहिए, क्योंकि यहां पर ट्रैफिक का काफी आवागमन है और ट्रैफिक को देखते हुए यह सड़क मानकों पर नहीं उतरती है। यहां पर डबल रोड होना चाहिए।