चटक धूप और लपट की मार, सन्नाटे में शहर

Mar 31 2021

ग्वालियर। बीते एक पखवाड़े अप डाउन चल रहे पारे ने अंतत: अपना असर दिखाना शुरु कर दिया। बुधवार सुबह से खिली चटक धूप और लपट की मार से पारा सुबह साढ़े 11 बजे ही 35 डिग्री सेल्सियस पार निकल गया, जिसके चलते 11 बजे से ही शहर में सन्नाटा सा पसर गया। दोपहर से पहले ही दोपहर के अहसास ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। बात यहीं तक सीमित नहीं है अभी तो यह गर्मी का आगाज भर है, जिसने यह जता दिया है कि आने वाले दिनों में गर्मी किस तरह का कहर बरपाने वाली है। यह नहीं मौसम के जानकार भी साफ कह रहे हैं कि अब हर रोज पारा बढ़ेगा, वहीं गर्म हवा झुलसाकर रख देगी।
गर्मी के कड़े तेवरों ने वहीं शहरवासियों को परेशान करना शुरु कर दिया, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो इस तरह के हालात बनते ही खुश हो गए हैं। यह हैं कूलर, पंखे, एसी और टटिया विक्रेता। बीते दिनों मौसम बिगड़ जाने के बाद यह परेशान हो गए थे, लेकिन अब दो दिन में बढ़ी गर्मी के साथ इनका धंधा चमकने लगा है, जिससे इनके चेहरों पर मुस्कान है।
एक साथ बढ़ी गर्मी के कारण लोग सुबह से आहत दिखे, धूप में चंद पल भी ठहर पाना मुश्किल था, ऐसे में लोग सुबह घर से निकले तो, लेकिन जल्दी ही जरूरी काम निपटाकर वापस हो लिए। इन हालात में शहर में दस बजे से ही सन्नाटा दिखाई देने लगा। सड़कें खाली दिखीं और बाजार सूने। तेज धूप के चलते जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया। दुकानदार भी दुकान तो खोलकर बैठे हैं, लेकिन ग्राहक गायब हैं। अभी से शहर में अघोषित कफ्र्यू दिखाई दिया।
होली के तीन दिन के अवकाश के बाद बुधवार को भले ही दफ्तर खुले, लेकिन गर्मी के कारण काम करवाने वालों का यहां भी टोटा रहा, अमूमन लोगों से भरे रहने वाले दफ्तरों के गलियारों भी खाली पड़े रहे, वहीं कर्मचारी बी गर्मी से बचने के लिए दफ्तरों से बाहर दुकानों पर बतियाने की जगह भीतर ही कूलर और पंखे की हवा में सुस्ताते दिखे।