भाई ने बहन पर चलाई गोली, किस्मत से चूका निशाना

Mar 30 2021

ग्वालियर। बहन से नाराज एक भाई ने भाईदूज के दिन उस पर गोली चला दी। भाई बहन से इस बात पर नाराज था कि वह पति से झगड़कर उनके घर के पास रह रही थी। इससे उसकी समाज में बेइज्जती हो रही थी। घटना मंगलवार दोपहर कांचमील इलाके की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। किस्मत से निशाना चूकने के कारण बहन बच गई। पर इस मामले में कोई शिकायत करने को तैयार नहीं है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
हजीरा थानाक्षेत्र स्थित कांचमील इलाके में सुनीता सिकरवार रहती है। इसी इलाके में उसकी ससुराल और मायका है। सुनीता का कुछ दिन पहले पति से विवाद हुआ। मनमुटाव के बाद वह पति के एक अन्य मकान में अलग रह रही है। इसी बात से उसका भाई रवि सिकरवार नाराज है। रवि कहता है कि पति के साथ रह या मायके में आ जाए। बहन के अलग रहने से उसकी सामाज में बेइज्जती हो रही है। यही कारण है कि बीते कुछ समय में कई बार उसका बहन से मुंहबाद हो चुका है। मंगलवार को भाईदूज है। दोपहर जब सुनीता घर के दरवाजे पर थी तभी अचानक उसे गोली चलने की आवाज आई। जब दरवाजे से बाहर देखा तो रवि और उसका साथी जॉनी राजावत भागते हुए दिखे। महिला ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो गोली दीवार में लगी है। पुलिस ने जब एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा तो कोई सामने नहीं आया है। बहन, अपने ऊपर हमला होने के बाद भी भाई के खिलाफ भाईदूज पर मामला दर्ज कराना नहीं चाहती थी।
जब पुलिस घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंची तो आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी कुछ भी घटना देखने से इनकार कर दिया है। क्षेत्र के लोग काफी दहशत में है। अब पुलिस इस मामले में किसी क मामला दर्ज कराने आने का इंतजार कर रही है।