मिले बिना मास्क, डेढ़ लाख वसूले

Mar 28 2021

ग्वालियर। कोरोना की दूसरी लहर के चलते तेजी से फैल रहे संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस जुट गई है और पहले ही दिन करीब डेढ़ हजार चालान कर करीब डेढ लाख रुपए वसूले हैं। बगैर मास्क पहनने पर यह कार्रवाई प्रदेश की सबसे बड़ी कार्रवाई है। बीते रोज दोपहर से शाम तक हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने बगैर मास्क पहनने वालों से करीब डेढ़ लाख रुपए जुर्माना राशि वसूली है। 
यातायात पुलिस के साथ ही थाना प्रभारी व अन्य अफसर अपनी- अपनी टीमों के साथ चौराहों पर पहुंच गए और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जिस वाहन पर तीन सवारी मिले, उनके खिलाफ तो कार्रवाई की, लेकिन जिन पर मास्क नहीं थे उनके खिलाफ कड़ाई से कार्रवाई की। 
बगैर मास्क पकड़े गए वाहन चालकों ने पुलिस अफसरों को सिफारिशी फोन करवाए, लेकिन पुलिस अफसरों ने किसी से ना तो बात की और जिन्होंने जबरन मोबाइल दिया, उनके मोबाइल भी जमा करा लिए। पुलिस के तेवर देखकर वाहन चालकों ने जुर्माना राशि जमा कराने में ही भलाई समझी और जुर्माना राशि देने के बाद ही अपने वाहन ले जा सके। कार्रवाई के लिए पुलिस कप्तान ने तीन वर्ग बनाए, जिसमें शहर, देहात और यातायात पुलिस को तीन भागों में बांटा, जिसमें सबसे ज्यादा चालान शहर के थानों ने 954, देहात ने 169 और यातायात पुलिस ने 349 चालान किए। 
कई थानों द्वारा निल कार्रवाई करने पर आईजी अविनाश शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कई थाना प्रभारियों को निंदा की सजा के साथ ही कई को कड़ी सजा दी थी। जिसके बाद थाना प्रभारी सहित अन्य अफसर मैदान में उतरे और करीब डेढ़ हजार चालान किए। 
लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए और संक्रमण रोकने के लिए अब कड़ाई से कार्रवाई के लिए पुलिस कप्तान अमित सांघी ने निर्देशित किया है। साथ ही आदेश दिया है कि यह कार्रवाई लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए है और इन पर किसी भी तरह की रियायत ना की जाए। जो भी बहस करता है या सिफारिश करवाता है उसका कोर्ट चालान के साथ ही खुली जेल भेजें, कार्रवाई में किसी के द्वारा लापरवाही की जाती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।