कोरोना कहर के बीच होलिका दहन आज तैयारियां शुरू सजने लगीं गली मोहल्लों में होली, रंग-पिचकारी की दुकानें भी सजीं

Mar 27 2021

ग्वालियर। रंगों के पर्व होली पर कोरोना ने ग्रहण लगा दिया है बाबजूद इसके लोगों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही। भले ही शहर में होलिका दहन वाले प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया बाबजूद इसके लोग शहर में जगह-जगह होलिका दहन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और गली- मौहल्लों में लोग होलिका दहन को लेकर होलिका को सजाने में जुट गए है।
उधर रविवार को पूर्ण लॉकडाउन होने के कारण शनिवार सुबह से बाजारों में होली के पर्व को लेकर खरीदारी का सिलसिला प्रारंभ हो गया और दोपरह तक बाजारों में अच्छी-खासी भीड़ नजर आई।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल की तरह इस साल भी कोरोना ने त्यौहारों का रंग फीका कर दिया और तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आज रविवार को होलिका दहन वाले दिन पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है। प्रशासन के निर्देश के बाद जहां पुलिस बल मुस्तैद हो गया है वहीं आमजन भी होली के पर्व को सादगी के साथ मनाने में जुट गया है। रविवार को होलिका दहन के साथ पांच दिन का होली पर्व प्रारंभ हो जाएगा। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण लोगों को हिदायत दी गई है कि भीड़-भाड़ के साथ नहीं बल्कि कोरोना गाइडलाइन का पूर्णरूप से पालन करते हुए सादगी पूर्ण तरीके से होली का पर्व मनाएं। 
उधर प्रशासन की ओर से लॉकडाउन का ऐलान करने के साथ पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। होली के रंग में भंग ना हो और हुड़दंग ना हो इसके लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस बल हर जाने-वाले के साथ-साथ बाजारों में भी निगरानी कर रही है ताकि कोरोना गाइडलाइन का पालन सही तरीके से करवाया जा सके। अहम बात यह है कि प्रशासन के आदेश के बाद भी आमजन गली-मौहल्लों और होली सजाने में जुटे हुए हैं।
होली पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर में प्रमुख बाजारों में रंग और पिचकारी की दुकानें सज गई हैं। बाजारों में बच्चों को आकर्षित करने वाली विभिन्न प्रकार के मॉडलों की पिचकारियां बच्चों को अपनी ओर आकर्षित कर रहीं हैं। एक ओर कोरोना की मार दूसरी ओर पिचकारियों पर छाई महंगाई से खरीदार कम पहुंच रहे हैं और दुकानदारों में निराशा का माहौल है।