बोरिंग मैकेनिकों की हड़ताल से शहर में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि , विधायक पाठक ने पहुंचकर दो घंटे में ठीक कराई बोरिंग

Mar 26 2021

ग्वालियर। तारागंज स्थित मस्जिद के पास पानी की बोरिंग पिछले 5 दिन से खराब थी इसको लेकर लोगों ने जाम लगाया विधायक प्रवीण पाठक ने मौके पर पहुंचकर लगभग 2 घंटे में बोरिंग चालू करवा दी।
शहर में अभी ढंग से गर्मी की शुरुआत भी नहीं हुई है और पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मचने लगी है। पिछले लगभग एक हफ्ते से दक्षिण विधानसभा में अलग-अलग क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेयजल सप्लाई के लिए उपयोग की जाने वाली सार्वजनिक बोरिंग (ट्यूबवेल) खराब पड़े हैं इससे जनता को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है न ही तिघरा से पेयजल की सप्लाई हो पा रही है और बोरिंग खराब होने के कारण न ही इससे सप्लाई हो पा रही है। इसी पानी की समस्या को लेकर तारागंज स्थित मस्जिद के पास लोगों ने चकाजाम कर दिया इस बात की सूचना जब क्षेत्रीय विधायक प्रवीण पाठक को लगी तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंच कर लोगों से जाम खोलने के लिए आग्रह किया और कहा कि बैठ कर बात करते हैं, विधायक पाठक के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया और उसके बाद विधायक श्री पाठक ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन पर मौके पर बुलवाया और खराब पड़ी बोरिंग को तत्काल ठीक करने के लिए निर्देश दिए, उसके बाद लगभग 2 घंटे में बोरिंग की नई मोटर डालकर बोरिंग से पेयजल सप्लाई शुरू कर दी गई ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त बोरिंग पिछले लगभग 5 दिन से खराब पड़ी थी और 3 दिन पहले खराब मोटर को निकालकर मैकेनिक ले गए थे इस दौरान हड़ताल होने के कारण नई मोटर डालकर पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही थी इससे क्षेत्र की जनता पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही थी और बूंद बूंद पानी के लिए तरस रही थी। मोटर शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक पाठक का आभार माना है। मौके पर नगर निगम अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता, कार्यपालन यंत्री जागेश श्रीवास्तव, कांग्रेस के लॉक अध्यक्ष कैलाश चावला एवं राजेश बाबू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।