बंद का रहा मिला-जुला असर अधिकांश बाजार खुले रहे

Mar 26 2021

ग्वालियर। किसानों के भारत बंद का असर शहर में दिखाई नहीं दिया। सुबह से ही शहर में टेंपो चलते रहे। इसके अलावा बाजारों में दूध और किराना की दुकानें खुली रही। किसानों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान नहीं किया। कुछ स्थानों पर बंद कराने गई टोलियों को देख दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। टोलियों के जाने के बाद दुकानदारों ने फिर शटर खोलकर कारोबार शुरू कर दिया। 
सुबह के समय मुरार, मयूर मार्केट, ठाटीपुर चौराहा, सिटी सेंटर, गोविंदपुरी चौराहा, दर्पण कॉलोनी, फूलबाग चौराहा, हजीरा चौराहा, गोला का मंदिर चौराहा, सात नंबर चौराहा, उप नगर ग्वालियर चौराहा, सेवा नगर, कंपू, गुढ़ा गुढ़ी का नाका, महाराज बाड़ा, इंदरगंज चौराहा, दाल बाजार, लोहिया बाजार, नया बाजार आदि में बंद का कोई असर दिखाई नहीं दिया। इन स्थानों पर सुबह के समय चाय -नाश्ते, फल, दूध, किराना, फूल माला आदि की दुकानें खुली हुई थीं। इसके अलावा शहर के आवागमन पर भी बंद का कोई असर दिखाई नहीं दिया। शहर में ऑटो और टेंपो लगातार चलते रहे।