वकील को मारी गोली तो विरोध में वकीलों ने नहीं किया काम

Mar 25 2021

ग्वालियर। हाईकोर्ट और जिला न्यायालय में वकीलों ने गुरुवार को प्रतिभा दिवस मनाया। वकीलों ने सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक कोर्ट में काम नहीं किया। सभी वकील अपने-अपने चेंबरों में बैठे रहे। दोपहर में वकीलों ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद जबलपुर के आह्वान पर वकील आधे दिन की हड़ताल पर रहे। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव दिलीप अवस्थी और अपर लोक अभियोजक नितिन कुमार शर्मा ने बताया कि सिहोरा में एडवोकेट सूर्यभान सिंह पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी, इसके चलते शहर के वकीलों ने गुरुवार को प्रतिवाद दिवस मनाया।
दोपहर 12 बजे हाईकोर्ट में वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। एडवोकेट श्री अवस्थी ने बताया कि 22 मार्च को सिहोरा कोर्ट के बाहर दो नकाबपोशों ने एडवोकेट सूर्यभान सिंह को गोली मार दी थी।
उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। श्री अवस्थी ने बताया कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का पूरा प्रारूप तैयार रखा है। इसे मुख्यमंत्री और विधि मंत्री को सिर्फ लागू करना है। उन्होंने बताया कि वकीलों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में यह एक्ट लागू होना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना चाहिए।