बदमाशों ने युवक को लूटा, पीडि़त के भाई-बहन को तेज रफ्तार डंपर ने रौंदा, दोनों की मौत
Mar 22 2021
ग्वालियर। ग्वालियर के युवक को पहले बदमाशों ने लूट लिया फिर सड़क हादसे में उसने भाई और बहन को भी खो दिया। वारदात के बाद पीडि़त युवक के भाई-बहन उसकी मदद के लिए आए थे। थाने में शिकायत के बाद सभी वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
डंपर ड्राइवर रुका नहीं और भागने के चक्कर में बहन-भाई को पहिए के नीचे रौंद गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दिल दहला देने वाला हादसा भिंड के गोहद स्थित जखारा गांव में हुआ, जबकि लूट ग्वालियर के हस्तिनापुर और भिंड के गोदह सीमा पर भयपुरा में हुई थी। युवक ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने कहा कि यह हादसा नहीं, हत्या है। गोहद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उपनगर मुरार के श्रीनगर कॉलोनी निवासी दीपेश गोयल पुत्र कमलेश गोयल अपनी बाइक से गोहद भिंड के हरियापुरा गांव आया था। यहां उनके फूफा रहते हैं। फूफा ने उसे भैंस खरीदने के लिए 85 हजार रुपए दिए थे। रुपए लेकर दीपेश वापस मुरार के लिए निकला था। भिंड के गोहद और ग्वालियर के हस्तिनापुर गांव की सीमा भयपुरा में बाइक सवार 4 बदमाशों ने उसे रोक लिया। कट्टा अड़ाकर बदमाशों ने बाइक, 85 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दीपेश की पिटाई भी की। वारदात के बाद पीडि़त ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोहद (भिंड) व हस्तिनापुर थाना (ग्वालियर) पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद बदमाशों की सर्चिंग की, लेकिन किसी थाने की पुलिस ने भी मामला दर्ज नहीं किया।
सोमवार को दीपेश की मदद के लिए उसका भाई रोहित गोयल (22) और बहन प्रियंका गोयल (24) पहुंचे। गोहद थाना में मामले की शिकायत करने के बाद सोमवार दोपहर वापस लौट रहे थे। अभी वह गोहद के जखारा गांव की रोड पर पहुंचे थे कि तभी सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। रोहित की बाइक पर प्रियंका भी थी। हादसे के बाद भागने के चक्कर में चालक ने डंपर की स्पीड बढ़ा दी। इस कारण रोहित और प्रियंका के ऊपर से डंपर के पहिए गुजर गए। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
इस मामले में घटनास्थल पर रो रहे दीपेश ने बहन-भाई की हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि लूट करने वालों को सीसीटीवी फुटेज आने के बाद पहचान हो जाती, इसलिए उन्होंने डंपर से मेरे बहन-भाई को कुचलकर हत्या की है।
इसी बीच पुलिस को पता चला कि बदमाश लूटी गई बाइक व मोबाइल इकहरा पेट्रोल पंप के पास छोड़ गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व मोबाइल जब्ती में ले लिया। अब पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
थाना प्रभारी गोहद चंद्रकांत चौहान ने बताया कि लूट की घटना में कुछ संदेह लग रहा है, क्योंकि बदमाश लूटी गई बाइक व मोबाइल को छोड़कर गए हैं। फिलहाल जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









