विंडसर हिल्स में 17 लाख की चोरी

Mar 20 2021

ग्वालियर। शहर की टॉप टाउनशिप विंडसर हिल्स में एक सूने फ्लैट के ताले चटकाए बिना चोर 15 लाख रुपए का सोना सहित 17 लाख रुपए का माल चोरी कर ले गए हैं। चोरी का पता व्यवसायी को सैलून से लौटने पर चला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सिरोल थाना पुलिस ने घटना स्थल की जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज किया है। जो सोना चोरी हुआ है उसे व्यापारी ने गिरवी रखा था। तीन दिन पहले ही उसे छुड़ाकर लाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टाउनशिप में लगे सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस खंगाल रही है।
शहर के सिरोल थाना क्षेत्र स्थित विंडसर हिल्स टाउनशिप में आईबी ब्लॉक के पांचवी मंजिल पर रहने वाले मोहन कुमार पुत्र अनिल कुमार गोयल व्यवसायी हैं। गोविंदपुरी में उनका मोनार्क नाम से आलीशान सैलून है। वह फ्लैट का मुख्य दरवाजा लॉक कर पत्नी सहित सैलून पर चले गए थे। फ्लैट सूना था। रात जब 9 बजे लौटे तो फ्लैट का दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गए। 3 बीएचके फ्लैट के हर रूम में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने अलमारी देखी तो गेट खुले पड़े थे। बदमाशों ने अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा करीब 300 ग्राम सोने के जेवरात, 2 लाख रुपए नकद चोरी किए थे। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने के बाद चोरी का मामला दर्ज किया है।
व्यापारी मोहन कुमार ने पुलिस को बताया कि वैसे वह सोना घर पर नहीं रखते हैं। यह सोना उन्होंने कुछ समय पहले गिरवी रखकर कुछ पैसा बिजनेस में लगाने के लिए लिया था। तीन दिन पहले ही वह यह सोना उठाकर लाए थे। सोमवार को इसे सुरक्षित तरीके से बैंक लॉकर में रखवाना था पर उससे पहले ही चोरी हो गया।
पुलिस जब जांच करने पहुंची तो पता लगा कि फ्लैट में दाखिल होने के लिए चोरों ने लॉक नहीं तोड़ा है। चाबी मिलाकर ही वह अंदर पहुंचे हैं। चोरों के पास या तो चाबी की छाप थी या उन्होंने किसी मास्टर की का उपयोग कर लॉक खोला है। पुलिस पता कर रही है कि व्यापारी के घर काम करने कौन-कौन आता जाता था। जैसे झाडू पोंछा, लाउंड्री व अन्य कर्मचारी।
सीसीटीवी से मिलेगा सुराग
विंडसर हिल्स टाउनशिप में गेट पर टाइट सिक्योरिटी है और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ऐसे में इतनी सुरक्षा भेदकर कोई अनजान अंदर नहीं आ सकता। अंदर का ही कोई व्यक्ति है जिसने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर पता लगा रही है कि फ्लैट की ओर कौन-कौन गया था।