टेम्पो पर गिरा जर्जर पेड़, रास्ता हुआ अवरुद्ध

Mar 20 2021

ग्वालियर। रॉक्सी पुल के पास शनिवार सुबह लगभग 160 साल पुराना विशाल पीपल का एक वृक्ष तेज चली आंधी में धराशाई हो गया। लगभग 5 बजे सुबह तेज चली आंधी में यहां डॉक्टर पंकज श्रीवास्तव के मकान में स्थित एक विशाल वृक्ष भरभरा कर जमींदोज हो गया। यहां बड़ी संख्या में विक्रम ऑटो खड़े रहते हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन बिजली के खंभे और तारों को क्षति पहुंची है, जिसके चलते बिजली विभाग को नुकसान हुआ है। जिस वक्त यह पेड़ गिरा सुबह उस वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था इसके चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ग्वालियर नगर निगम सीमा क्षेत्र में कई वृक्ष इस तरह के सड़क किनारे लगे हुए हैं जो गंभीर स्थिति में होने के बावजूद नगर निगम द्वारा भगवान भरोसे छोड़ दिए गए हैं। जो कभी भी किसी गंभीर हादसे की वजह बन सकते हैं। सूचना मिलते ही अमला मौके पर पहुंचा और टूटे हुए जर्जर पेड़ को सड़क के किनारे हटवाया तब कहीं जाकर मार्ग खुल सका और आबाजाही शुरू हुई।