जेएएच में दूसरे दिन भी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर . वेतन बढ़ाओ तब उठेगा कचरा

Mar 18 2021

ग्वालियर। वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर जयारोग्य चिकित्सालय समूह में यूडीएस कंपनी के अधीन काम करने वाले ढाई सैकड़ा सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने जिन नगर निगम सफाई कर्मचारियों को सफाई के लिए बुलाया था उन्हें भी हड़तालियों ने बैरंग वापस लौटा दिया। सफाई कर्मचारी एकता यूनियन की मांग है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती हैं तब तक कचरा नहीं उठेगा और हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी एकता यूनियन के पदाधिकारी कुलदीप कुमार का कहना है कि हमारे ढाई सौ से अधिक कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना संक्रमण काल में ड्यूटी की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद भी हमारा वेतन नहीं बढ़ाया गया। 
सफाई कर्मियों को बैरंग लौटाया हड़तालियों ने जेएएच कैंपस के पास न्यूरोसर्जरी वार्ड के बाहर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को जब पता चला कि अस्पताल प्रबंधन ने सफाई करने व सड़कों पर फै ले कचरे को समेटने के लिए नगर निगम से दो दर्जन सफाई कर्मचारी व अस्पताल के चालीस स्थाई सफाई कर्मियों को लगाया है, इस बात की खबर मिलते ही यूडीएस सफाई कर्मी वार्ड में जा पहुंचे और सफाई कर रहे कर्मचारियों को हड़ताल का हवाला देकर काम करने से रोक दिया।
48 घंटे से नहीं उठा जेएएच से कचरा
अपनी मांगों को लेकर जेएएच के सफाई कर्मचारी गुरूवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहने के कारण वार्डों में रखे डस्टबिन से लेकर टायलेट तक बदबू मार रहे हैं। ओपीडी से लेकर सभी वार्डो में गंदगी फैली होने के कारण यहां भर्ती मरीजों व उनके अटेण्डरों को संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।