ग्वालियर एयरबेस पर फाइटर प्लेन मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त

Mar 17 2021

ग्वालियर। ग्वालियर एयरबेस पर उड़ान भरने से पहले फाइटर प्लेन मिग-21 वायसन दुघर्टनाग्रस्त हो गया। घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे में पायलट की मौत हो गई। पायलट प्रशिक्षण के लिए फाइटर प्लेन को उड़ाने निकल रहा था। बताया जा रहा है कि फ्यूल रीफिलिंग के दौरान अचानक आई तकनीकी खामी की वजह से हादसा हुआ है। हालांकि घटना की पुष्टि अभी एयरफोर्स ने नहीं की है, लेकिन एयरफोर्स ने फायर ब्रिगेड भेजने के लिए कॉल किया था। सूचना दी गई थी, वहां तेल फैलने पर आग लग गई है। यहां जब फायर अमला पहुंचा, तो उनके मोबाइल गेट पर जमा करा लिए। इसी समय अंदर से कॉल आया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को गेट से ही लौटा दिया गया। 
आईएएफ (इंडियन एयरफोर्स) ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे सूचना जारी की है, जिसमें उनका फाइटर प्लेन मिग-21 वायसन दुघर्टना का शिकार होना बताया गया है, जिसमें बताया गया है कि फाइटर प्लेन कॉम्बैट ट्रेनिंग मिशन के समय टेकऑफ करते समय हादसा हुआ है। बताया गया है कि यह प्लेन सेंट्रल इंडिया के एयरबेस से उड़ा है। इस ट्वीट के तत्काल बाद एक अन्य ट्वीट में एयरफोर्स ने पुष्टि की है कि हादसे में उनके गु्रप कैप्टन अशोक गुप्ता की मौत हो गई। ट्वीट में जगह और क्या हादसा हुआ है, यह साफ नहीं है। मामले में एयरफोर्स के अफसर भी कुछ नहीं कह रहे। ग्वालियर में फायर ब्रिगेड को आनन-फानन में कॉल करना और तेल फैलने से आग लगने की सूचना देना अपने आप में पुष्टि कर रहा है कि ग्वालियर एयरफोर्स में कुछ हुआ।
फायर ब्रिगेड के नोडल ऑफिसर अतिबल सिंह ने बताया कि उन्हें करीब 12 बजे एयरफोर्स से कॉल आया था कि वहां गंभीर आगजनी की घटना हुई है। तेल फैलने और घास में आग लगने पर कॉल किया गया था। एयरफोर्स के कॉल पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचाई गई थीं। एयरफोर्स के गेट पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के मोबाइल जमा कराए जा रहे थे, तभी अंदर से कॉल आया कि आग पर कंट्रोल पा लिया गया है। इसके बाद टीम को गेट से ही रवाना कर दिया गया।
ग्वालियर फायर ब्रिगेड को बुलाने का मतलब एयरबेस पर अंदर भीषण हादसा हुआ है, क्योंकि एयरफोर्स के पास आग बुझाने के लिए अपने चार वाहन हैं। इनमें एक से एक फॉम की गाडिय़ां हैं। ऐसे में फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाने का मतलब अंदर आग भीषण होगी, जैसी किसी फाइटर प्लेन के क्रैश होने पर होती है।