दूसरे दिन भी लटके बैंकों में ताले, लेन-देन ठप

Mar 16 2021

ग्वालियर। राष्ट्रीयकृत बैंकों के निजीकरण के प्रस्ताव के खिलाफ आज दूसरे दिन भी दर्जन बैंकों में काम करने वाले अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहने से बैंक का कामकाज पूरी तरह से प्रभावित रहा। बैंक में लेनदेन नहीं होने से बैंक खाताधारकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बड़े कारोबारियों ने बैंक ट्रांजेक्शन करने के लिए इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग कर कामकाज निपटाया। वहीं मंगलवार की सुबह बैंक यूनियनों ने फूलबाग स्थित बैंक ऑफ इण्डिया शाखा पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले 9 यूनियन ने केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीयकृत बैंकों का निजीकरण करने के खिलाफ दो दिन की हड़ताल के चलते मंगलवार को सभी राष्ट्रीयकृत बंैकों की दो सैकड़ा से अधिक शाखाओं में कामकाज नहीं हो सका।
एसबीआई कर्मचारी यूनियन के उप महा सचिव हेमंत गोस्वामी ने बताया कि केन्द्र सरकार के दो सरकारी बैंकों के निजीकरण किए जाने के विरोध में बैंकों की सभी 9 यूनियन केन्द्र सरकार के इस फैसले का विरोध कर रही है। यदि निजीकरण का फैसला केन्द्र सरकार द्वारा रद्द नहीं किया जाता है तो सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा इस फैसले का विरोध आगे भी जारी रहेगा। वहीं हड़ताल के चलते बैंकों में करोड़ों रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है।
निजी बैंकों में हो रहा कामकाज
शहर में संचालित सभी निजी बैंकों की शाखाओं में मंगलवार दूसरे दिन भी बैंक संबंधी कामकाज सामान्य रूप से होता दिखा। निजी बंैकों की शाखाएं खुली होने से कारोबारियों को बड़ी राहत मिली।