तेज रफ्तार कार बहकी, रेलिंग से टकराते हुए पुलिया से नीचे लटकी

Mar 16 2021

ग्वालियर। तेज रफ्तार कार अचानक बहकी और सड़क की एक फीट ऊंची बाउंड्री पार करते हुए पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गई। कार में 3 लोग सवार थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने तीनों को कार से बाहर निकाला। एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार को पुलिया से उतारकर निगरानी में ले लिया है। घटना बिरला नगर पुलिया की है।
हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर चौराहे के पास रात 2 बजे तेज रफ्तार आ रही एक कार (एमपी-07एमपी-2972) जब चौराहे के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर लहराने लगी। जेसी मिल की दीवार से सटे नाले की एक फीट ऊंची बाउंड्री को फांदकर नाले को पार कर हवा में झूल गई। कार के तीन टायर हवा में थे और एक पहिया पुलिया की रेलिंग में अटका हुआ था। हादसा देखकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने कार में घायल सवार व अन्य को बाहर निकाला। एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। राहगीरों की माने तो कार में 3 लोग सवार थे। यदि रेलिंग से कार नहीं लटकती तो कार में नाले में गिरती और उसमें सवार लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाता।
जब पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट पर लिखे नंबर को परिवहन विभाग से सर्च कराया तो कार अशोक कॉलोनी निवासी किसी मनोज पुत्र पंचम सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। अब पुलिस इस मनोज का पता लगा रही है। 
रफ्तार में थी कार
पुलिस को कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय रात को कार काफी तेज रफ्तार में थी। फिर अचानक कार चला रहे युवक का नियंत्रण स्पीड से हटा और कार बहक गई। जिस कारण यह हादसा हुआ। एक पहिया रेलिंग में नहीं अटकता तो बड़ा हादसा हो सकता था।