सुबह से खिली तेज धूप ने फिर बदला मौसम

Mar 13 2021

ग्वालियर। भले ही मौसम के जानकारों ने पश्चिमी विक्षोभ के दो रोज कायम रहने के साथ बरसात और ओलों तक क संभावना व्यक्त की थी, लेकिन यह समय से पहले ही कमजोर पड़ गया और शनिवार सुबह से खिली तेज धूप ने एक बार फिर फिजा में घुली ठंडक को धकेल कर गर्माहट उत्पन्न कर दी, जबकि देर रात तक जारी तेज हवा यह साफ संकेत दे रही थी कि आज फिर शहरवासियों को पानी और ठंड का सामना करना पड़ सकता है। इसके असर से रात के पारे में जबरदस्त गिरावट आ गई थी और पारा 15 डिग्री सेल्सियस रह गया था, जबकि एक रात पहले ही इसका मिजाज बेहद गर्म था और यह 19.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। यही हाल दिन के पारे के भी रहे। पारा शुक्रवार को मात्र 24.8 डिग्री सेल्सियस रह गया था और सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस कम था, जिसके चलते संदूकों में रख दिए गए गर्म कपड़ों को दोबारा निकालने पर मजबूर होना पड़ा था, लेकिन शनिवार को यह फिर चुभन महसूस कराने लगी, जिससे इन्हें दोबारा खूंटी पर टांगना पड़ गया। 
मप्र में बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला था, जिसने कल अपना रंग भी दिखाया था, वहीं मौसम के जानकारों ने भी साफ कर दिया था कि दो दिन हालात ऐसे ही रहेंगे और पारा और गिरेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं, वहीं मौसम के बिगड़ते मिजाज ने किसानों के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींच दी थीं, क्योंकि अभी सरसों व चने की फसल कटकर खेतों में पड़ी है, जो कि पानी और ओलों से पूरी तरह तबाह हो जाती, लेकिन अब इनके चेहरे पर मुस्कान है। इधर शहर का जनजीवन फिर गर्मी के कारण प्रभावित होता दिखा, सुबह से जब धूप खिली तो फिर हर इसकी त्योरियां चढ़ती ही चली गईं, जिससे बंद पंखों के स्विच तो ऑन हो ही गए, वहीं लोगों को धूप से बचने के लिए आड़ लेनी पड़ी। शनिवार को ऐसा लग भी नहीं रहा कि कल मौसम में इतना बदलाव आया था।