हादसे में घायल युवक की मौत

Mar 12 2021

ग्वालियर। दोस्त से मिलकर वापस घर आ रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना पड़ाव चौराहे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है। जहां पर युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 
पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना ने बताया कि राजपायगा रोड निवासी अंकुर सोनी (25) पुत्र नंद किशोर सोनी दो दिन पहले घायल हालत में पड़ाव चौराहे के पास मिला था। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकुर को उपचार के लिए भर्ती करा दिया। जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किस वाहन की चपेट में आने से घायल हुआ है। मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज कर मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से साफ होगा कैसे हुआ हादसा
पड़ाव चौराहा पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस अब हादसे की सच्चाई पता लगाने चौराहा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद लेगी। उससे पता चलेगा कि अंकुर की बाइक फिसलने के बाद घायल होकर मौत हुई है या फिर कोई तेज रफ्तार वाहन उसे टक्कर मारकर निकल गया है। उसी आधार पर आगे की जांच की जाएगी।