ग्वालियरमें भी बढ़ रही है कोरोना संक्रमितों की संख्या , ग्वालियर वालों बरतो सावधानी

Mar 12 2021

ग्वालियर। शहर में फरवरी से लेकर मार्च माह के अंतराल में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को एकदम से 26 कोरोना संक्रमित मामले सामने आने से फिर से संकट आ गया है। मार्च माह की शुरूआत से लेकर अब तक 126 मरीज मिले हैं। लोगों की लापरवाही और प्रशासन की अनदेखी के चलते कोरोना वायरस फिर से शहर में बढऩे लगा है।
पिछले 11 दिन में ही 126 नए रोगी मिल गए हैं। लोग जहां सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों की भीड़ में भी मास्क नहीं लगा रहे हैं तो वहीं प्रशासन ने संक्रमण बढऩे के बाद भी न तो संदिग्धों की जांच के लिए सैंपल लेने की रफ्तार बढ़ाई है और न मरीजों की कॉन्टेट हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। हैरत की बात तो यह है कि बाजारों में भीड़ पर पुलिस का कोई कंट्रोल नहीं है और न ही सोशल दूरी का पालन पुलिस द्वारा करवाया जा रहा है। अनलॉक के बाद शासन द्वारा जारी छूट का लाभ लोग ले रहे हैं लेकिन कोरोना से बचाव का कोई भी उपाय न अपनाने से कोराना संक्रमण का फैलाव लगातार हो रहा है।
लोग की लापरवाही देखी जा रही
शहर में बाजार सुबह के समय खुले और सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल दिखाई दी। महाराज बाड़ा समेत अन्य स्थानों पर लोग समूह बनाकर खड़े दिखाई दिए। यहां खरीदारी करने आए लोगों में कोरोना महामारी का भय दिखाई नहीं दिया। कई लोग तो बिना मास्क के यहां-वहां घूमते दिखाई दिए। इधर ग्वालियर की सभी सीमाओं पर चेकिंग भी नहीं हो रही है।