व्यापारी के सूने घर पर बदमाशों ने धावा बोला बदमाश 3 लाख रुपए के गहने-नकदी चुरा ले गए

Mar 10 2021

ग्वालियर। बहोडापुर के लक्ष्मीपुरम में व्यापारी के सूने घर पर बदमाशों ने धावा बोला। यहां से बदमाश 3 लाख रुपए के गहने-नकदी चुरा ले गए। व्यापारी अपने परिवार समेत भोपाल गए थे। लौटे तो घटना का पता चला। घटना बहोडापुर के लक्ष्मीपुरम की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
लक्ष्मीपुरम निवासी अमरदीप गुप्ता पुत्र राजेन्द्र कुमार गुप्ता की रामदास घाटी पर तरुण इंडस्ट्रीज नाम से शॉप है। वह माता-पिता से मिलने परिवार समेत भोपाल गए थे। इस बीच बदमाश सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे। अलमारी में रखे 50 हजार रुपए, सोने व चांदी के गहने समेत करीब 3 लाख रुपए का माल पार कर ले गए। वारदात का पता बुधवार सुबह परिवार के लौटने पर चला। व्यापारी ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरों में वारदात रिकॉर्ड
पुलिस ने जब पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि वारदात को दो बदमाशों ने अंजाम दिया है। चोर साइकिल से आए थे। वारदात से पहले बदमाशों ने व्यापारी के घर के आसपास के घरों के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, जिससे यदि कोई शोर भी सुन ले, तो मदद के लिए बाहर नहीं आ सके। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।