मुरैना में लूट का प्रयास करने वालों से पुलिस की मुठभेड़ दो बदमाश भागे, 10 हजार का इनामी रामप्रीत पकड़ा
Mar 10 2021
ग्वालियर। मुरैना में एसपी बंगले के पास एटीएम कैश वैन को लूटने का प्रयास करने वालों को 16 घंटे में ही पुलिस ने सबक सिखा दिया। बुधवार सुबह 4.30 बजे अंबाह के बरेह व अयोध्यापुरी मोड़ पर लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी पोजिशन लेकर गोलियां चलाईं। इसमें एक गोली इंटरस्टेट लुटेरे रामप्रीत गुर्जर के पैर में लगी और वह वहीं घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसके साथी फरार हो गए। पुलिस ने रामप्रीत को तत्काल गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। मौके पर उसकी पिस्टल व बाइक भी पड़ी थी।
मंगलवार दोपहर 12.30 बजे मुरैना के एमएस रोड पर एसपी बंगले के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने एटीएम कैश वैन को लूटने का प्रयास किया था। जवाब में गार्ड और कैश वैन के स्टाफ ने बदमाशों को पटक लिया था। इस पर बदमाश फायरिंग कर भागे थे। एसपी बंगले के पास वारदात के दुस्साहस से मुरैना पुलिस अवाक रह गई थी। घटनास्थल से फुटेज मिलने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की।
पुलिस लगातार बाइक सवार लुटेरों की घेराबंदी कर रही थी। इसी बीच एसपी मुरैना सुनील पांडे को सूचना मिली कि मुरैना में दहशत फैलाने वाले बदमाश अंबाह में छिपे हुए हैं। इस पर तत्काल टीमों को अलर्ट किया गया। एक टीम अंबाह थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह जादौन के नेतृत्व में हाइवे की तरफ निकाली गई। इसी टीम को बरेह गांव और अयोध्यापुरी के मोड़ पर पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाश दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर पिस्टल से गोलियां चलानी शुरू कर दिया। पुलिस की टीमों ने भी अपनी पोजिशन लेकर जवाबी कार्रवाई शुरू की। मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक बादमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद उसके दो साथी उसे छोड़कर भाग गए।
घटना स्थल से पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश की पहचान इंटरस्टेट लुटेरा रामप्रीत सिंह गुर्जर निवासी भिंड के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया है। मौके से उसकी बाइक, पिस्टल मिली है। उसके साथियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
पकड़ा गया बदमाश रामप्रीत सिंह गुर्जर अपराध की दुनिया का जाना-पहचाना नाम है। उस पर वर्ष 2019 तक 56 अपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 8 हत्या के मामले शामिल हैं। इसके अलावा व्यापारियों की सुपारी लेकर हत्या, लूट करना ही उसका पेशा है। उसे इंटरस्टेट बदमाश यूं ही नहीं कहा जाता है उस पर आगरा में 5, धौलपुर में 3 यूपी के औरेया में 1 मध्यप्रदेश के भिंड, मुरैना, ग्वालियर व शिवपुरी में 45 के लगभग आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 2018 में शिवपुरी पुलिस के हाथ लगा था तब उस पर 30 हजार का इनाम था। अभी वह जमानत पर छूटने के बाद बाहर था। उस पर अभी 10 हजार रुपए का इनाम था।
साल 2010-11 में रामप्रीत ने अपने कुछ साथियों के साथ भिंड के गोहद में एक व्यापारी की चौराहे पर हत्या कर 42 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया था। घटना को उस समय अंजाम दिया गया था जब व्यापारी बैंक से पैसे निकालकर अपने घर जा रहा था। इसके बाद रामप्रीत ने यूपी के औरेया में 30 लाख की डकैती, मुरैना में पेट्रोल पंप पर 20 लाख की लूट की थी। अभी कुछ दिन पूर्व ही यूपी में आगरा के पास स्थित वाह तहसील के ग्राम विक्रमपुर में वहां के प्रधान हरेन्द्र यादव की 5 लाख रुपए की सुपारी लेकर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









