2 लाख की स्मैक बरामद, शहर के युवाओं को बनाते थे ग्राहक

Mar 08 2021

ग्वालियर। चोरी की स्कूटी पर सवार होकर स्मैक की तस्करी करने आए दो शातिर स्मैक तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 25 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जिसकी कीमत 2 लाख रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस ने नदीगेट चौराहा से की है। पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया है कि यह माल वह इटावा से लेकर आए हैं। शहर के युवा उनके टारगेट हुआ करते थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
इंदरगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि  यूपी के इटावा से दो बदमाश लाखों की स्मैक लेकर ग्वालियर में दाखिल हुए हैं। यह नदीगेट से शिंदे की छावनी के बीच डील करने वाले हैं। इस पर टीआई इंदरगंज शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। दो युवक एक स्कूटी और दूसरा बाइक पर बैठकर किसी का इंतजार करते नजर आए। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उनके पास से 25 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल बरामद हुए हैं। दोनों स्मैक तस्करों की पहचान गोशपुरा नंबर-1 निवासी 24 वर्षीय जैकी उर्फ जितेन्द्र पुत्र लक्ष्मी नारायण कोरी, 22 वर्षीय संतोष उर्फ लंबे, उर्फ बारा पुत्र गजराराजा बाथम के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने इटावा से माल खरीदकर लाने की बात कुबूल की है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
चोरी की स्कूटी पर बेच रहे थे स्मैक
जैकी के पास से जो स्कूटी मिली है उसके चेचेस नंबर से पता लगा है कि वह 22 सितंबर 2020 को कोतवाली क्षेत्र से चोरी गई थी। पुलिस दूसरी गाड़ी बाइक क्रमांक एमपी07एमएन1351 के बारे में पता लगा रही है।
पकड़े गए दोनों आरोपी जितेन्द्र और संतोष बेहद शातिर हैं। इन दोनों पर शहर के विभिन्न थानों में 15 अपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें आधा दर्जन मामले नशीला पदार्थ की खरीद फरोख्त के हैं। इनका कहना है कि इनके टारगेट शहर के युवा होते थे। उन्हें स्मैक की लत लगाकर ग्राहक बनाते थे। बाद में यही ग्राहक और नए ग्राहक बनाकर उनके पास लेकर आते थे।