एमए पास महिला सफाई कर्मचारी को बनाया डब्ल्यूएचओ

Mar 08 2021

ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वार्ड 57 की एमए पास महिला सफाई कर्मी श्रद्धा कुमारी को सोमवार को डब्ल्यूएचओ बनाया गया है। उन्हें सोमवार को सफाई के कार्य से मुक्त रखा गया और सभी सफाई कर्मचारियों ने उनके निर्देशन में सफाई का कार्य किया।
जब बात साफ सफाई की हो रही हो तो महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है, क्योंकि घर हो या शहर उसे साफ रखने में नारी शक्ति की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हम सभी महिलाओं को सम्मानित कर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। सोमवार सुबह नगर निगम की सभी महिला सफाई कर्मचारियों का सम्मान करने और उपहार देने के बाद यह बात संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने कही है।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शहर में सुबह-सुबह महिला सफाई कर्मचारियों के सम्मान के विभिन्न कार्यक्रम किए गए। इसमें नगर निगम की ओर से महिलाओं को सम्मानित कर उपहचार दिए गए। कार्यक्रम के दौरान निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने कहा कि शहर की साफ सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सफाई कर्मचारी एवं शहर की वह सभी महिलाएं जो अपने अपने घरों को एवं आसपास साफ-सफाई रखती हैं। महिला दिवस पर उन सभी का सम्मान किया जा रहा है। साथ ही कहा कि इन्हीं सभी महिलाओं के सहयोग से नगर निगम ग्वालियर इस बार स्वच्छता में अच्छी रैंक पाएगा।