कांग्रेस विधायकों का भाजपा पर फूटा गुस्सा विधायक पाठक बोले-हमारा अपराध यह है कि हम बिके नहीं, हमने 35-35 करोड़ रुपए नहीं लिए

Mar 07 2021

ग्वालियर। हमारा अपराध यह है कि हम बिके नहीं है। हमने 35-35 करोड़ रुपए नहीं लिए हैं। इसलिए हमारे विधानसभा क्षेत्र से भेदभाव हो रहा है। यह भारतीय जनता पार्टी वो नहीं रही है जो कभी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के समय थी। प्रशासन अपनी मर्जी से प्लान बना रहा है। लॉकडाउन से वैसे ही हालत खराब थी अब ठेले वालों को परेशान किया जा रहा है। रविवार शाम ग्वालियर दक्षिण से विधायक प्रवीण पाठक ने आक्रोशित लहजे में शासन और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। विधायक प्रवीण पाठक, विधायक सतीश सिकरवार और कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा ने भाजपा के विकास व स्मार्ट सिटी के दिखावे के प्रोजेक्ट्स पर बात करने के लिए रविवार शाम को प्रेसवार्ता आयोजित की थी।
विधायक प्रवीण पाठक का कहना है कि सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात की है कि ग्वालियर का प्रशासन जिस तरह दशा और दिशा बदलने के लिए जो योजना बना रहा है उसमें बहुत ज्यादा खामियां हैं। विधायक तो पांच साल का होता है। पांच साल बाद जनता पूछ लेती है कि बताओं आपने क्या किया। प्रशासन का क्या है कलेक्टर अभी ग्वालियर कलेक्टर हैं, कल भोपाल के होंगे उसके बाद इंदौर के कलेक्टर होंगे। ग्वालियर की चिंता हमें करनी पड़ेगी
विधायक प्रवीण पाठक, विधायक सतीश सिकरवार ने आरोप लगाया है कि ग्वालियर में शासन और प्रशासन भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाए हुए है। आज की स्थिति देखिए भोपाल, इंदौर विकास में ग्वालियर से कितना आगे निकल गए हैं। क्या ग्वालियर में पैदा होना अभिशाप है।
विधायक प्रवीण पाठक ने ऊर्जा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भेदभावपूर्ण तरीके से शासन- प्रशासन काम कर रहा है। बिजली कंपनी ग्वालियर दक्षिण और ग्वालियर पूर्व के लोगों को लगातार नोटिस दे रही है। जरा सा बिल में देरी होने पर लाइन काट दी जाती है। ग्वालियर विधानसभा में कितने लोगों को नोटिस दिए हैं जरा यह बता दें।