कोरोना के चलते शिवरात्रि पर मंदिरों में होंगी विशेष व्यवस्थाएं बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं व बच्चे न आएं मंदिर

Mar 07 2021

ग्वालियर। शिवरात्रि 11 मार्च को है। इस दिन शहर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रहेगी। भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कोरोना के कहर को देखते हुए अचलेश्वर मंदिर पर लगातार अपील की जा रही है कि शिवरात्रि के दिन गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग मंदिर न आएं।
शिवरात्रि पर अचलेश्वर मंदिर पर 10 मार्च की रात से ही भीड़ लगना शुरू हो जाएगी। फिलहाल मंदिर में सजावट का काम शुरू कर दिया गया है। मंदिर में सजावट का काम 10 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। कोरोना को देखते हुए इस साल विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर में एक साथ भीड़ न हो इसके चलते भक्तों को एक-एक कर मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। 
मास्क पहनकर ही आएं मंदिर
शिवरात्रि पर मंदिर पर करीब 1 लाख भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। कोरोना को देखते हुए मंदिर पर भक्तों से अपील की जा रही है कि वे उचित दूरी बनाकर रखें। भक्त एक दूसरे से सटकर खड़े न हों। साथ ही भक्तों को मंदिर में शिवरात्रि पर मास्क पहनकर आने की अपील भी की जा रही है। अचलेश्वर न्यास के सदस्य महेंद्र भदकारिया आज सोमवार से अचलेश्वर मंदिर को सेनेटाइज करना शुरू करेंगे।
अलग-अलग रहेंगी कतारें
मंदिर पर भक्तों के प्रवेश के लिए 6 गेट बनाए जाएंगे। मंदिर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें रहेंगी। यहां पर फूल, बेलपत्र, धतूरे आदि बेचने वालों मंदिर से 100 मीटर की दूरी तक रखा जाएगा। फूल बेचने वालों को को एमएलबी कॉलेज के सामने स्थित दीवार के पास बैठने की जगह दी जाएगी। 
गुप्तेश्वर मंदिर से निकलेगा चल समारोह
गुप्तेश्वर मंदिर के पुजारी रश्मिकांत शर्मा ने बताया कि शिवरात्रि पर गुप्तेश्वर मंदिर से अचलेश्वर मंदिर तक चल समारोह निकाला जाएगा। इसको लेकर गुप्तेश्वर मंदिर के पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। चल समारोह गुप्तेश्वर मंदिर से सुबह 11 बजे शुरू होगा। चल समारोह लक्ष्मीगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार होता हुआ अचलेश्वर मंदिर पहुंचेगा। बैठक में मंदिर के सचिव संजीव गुप्ता, राघव गुप्ता, लालू, आनंद, सुनील बर्तन वाले, गोपालदास अग्रवाल और दिलीप डेयरी वाले शामिल थे। 
कोटेश्वर मंदिर पर लगेगा मेला
कोटेश्वर महादेव मंदिर पर शिवरात्रि को मेला लगेगा। यहां पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें रहेंगी। वहीं गुप्तेश्वर मंदिर पर भी भक्तों को अलग-अलग कतारों से ही प्रवेश दिया जाएगा।