कोरोना फिर अपने तेवर में, 70 फीसद लोग नहीं पहन रहे मास्क

Mar 07 2021

ग्वालियर कोरोना का संक्रमण फिर बढऩे लगा है। प्रतिदिन नए मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमित मिल रहे हैं। इससे चिंता बढ़ गई है। बावजूद लोग सावधानी बरतने में लापरवाही कर रहे हैं। बाजारों में बिना मास्क के घूमते हैं तो शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी नहीं किया जा रहा है, जबकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई भी नहीं हो रही है।
लगभग 70 फीसद लोगों को बिना मास्क के ही घूमते देखा जा सकता है। शाम के समय जब भीड़ बढ़ती है तो संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। बावजूद लोग लापरवाही बरतते हुए नजर आते हैं। चिंता इस बात की है कि ग्वालियर जिले में कोरोना का संक्रमण फिर बढऩे लगा है। पिछले 7 दिन से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ चुका है। इस कारण ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। पहले की तुलना में वर्तमान में लोग अधिक लापरवाही बरत रहे हैं। बाजारों में अधिकांश दुकानदार व कर्मचारी भी मास्क पहनने से परहेज करते हैं।
कार्रवाई भी धीमी पड़ी
बाजारों में लोग मास्क न पहनने के साथ ही लोग शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी करते नहीं दिखाई दिए। इसके अलावा राजनीतिक, सामाजिक कार्यक्रमों में भी शारीरिक दूरी व मास्क के नियमों का पालन नहीं किया जाता है। पिछले माह फरवरी में जब संक्रमण तेज होने लगा था तो नगर निगम ने मास्क न पहनने वालों पर कड़ी कार्रवाई करना शुरू कर दी थी। रविवार को कई बाजारों में लोग विशेषकर महिलाएं बिना मास्क के देखी गईं।