हत्या के जिन आरोपियों पर 5 हजार का इनाम वो खुले घूम रहे हैं और हमें छिपकर रहना पड़ रहा है

Mar 05 2021

ग्वालियर। साहब, डबल मर्डर के आरोपी जिन पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित है वह खुलेआम घूम रहे हैं। खेतों में ट्रैक्टर दौड़ा रहे हैं। हमें आए दिन धमका रहे हैं और हमको छिपकर रहना पड़ रहा है। एक साल पहले डबरा में हुए डबल मर्डर के मामले में फरियादी राकेश रावत, जितेन्द्र रावत ने परिवार सहित शुक्रवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर यह पीड़ा सुनाई। फरियादी पक्ष का कहना था कि गुरुवार को उन पर फायरिंग भी की गई है। पीडि़त पक्ष ने एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है जिसमें इनामी बदमाश खुलेआम घूम रहा है। साथ ही डबरा पुलिस पर आरोप लगाया है कि वह आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। एसपी ग्वालियर ने तत्काल मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्वालियर के डबरा थाने के बेलगड़ा गांव मे 11 अप्रैल 2020 को विनोद रावत के पिता गिरवर सिंह और उनके भाई अमर सिंह का गांव मे ही रहने वाले 7 लोगो ने मिलकर मर्डर कर दिया था। वारदात के बाद पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 3 को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन 4 आरोपी अभी खुलेआम घूम रहे हैं और पीडि़त परिवार को धमका रहे है। पुलिस ने चारों के खिलाफ 5-5 हजार का इनाम भी घोषित किया हुआ है।
पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया है कि गुरुवार की सुबह फरार इनामी चारों आरोपियों ने ना सिर्फ उन्हें धमकाया बल्कि राजीनामा से इनकार करने पर उन पर हवाई फायरिंग भी की। डबरा थाना पुलिस को सूचना दी तो उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की है। पीडि़त परिवार की जान को खतरा बताकर वह स्क्क ऑफिस पहुंचे। यहां पीडि़त परिवार ने एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस पूरे मामले पर एसपी ने थाना डबरा टीआई को निर्देशित करते हुए फरार चल रहे चारों आरोपियों पर इनाम बढ़ाने के साथ उनकी संपत्ति कुर्क करने के लिए कार्रवाई करने के भी आदेश दिए है।
फरियादी पक्ष से जितेंद्र रावत का कहना है कि गुरुवार सुबह जब वह खेतों पर गया था तभी बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों को देखकर भागे तो उन्होंने फायरिंग कर दी, जिन्होंने डबल मर्डर किया था। हमारे घर के लोगों को मारा था खुलेआम घूम रहे हैं, हम छिपकर रहने को विवश हैं। पुलिस भी नहीं सुन रही।
इस मामले में डीएसपी विजय सिंह भदौरिया का कहना है कि डबल मर्डर के आरोपियों को लेकर पीडि़त परिवार एसपी साहब से मिलने आया था। उनका आरोप था कि आरोपी ने फिर से फायरिंग की है। 7 आरोपी थे, तीन पकड़े गए हैं और चार फरार हैं जिन पर कार्रवाई की जा रही है।