अधिकारियों के साथ पूरा अमला सड़क पर, कभी भी पहुंच सकता है स्वच्छता सर्वेक्षण दल

Mar 01 2021

ग्वालियर। अब तक होम वर्क कर रहे नगर निगम की परीक्षा की घड़ी कभी भी आ सकती है, इसके चलते सोमवार सुबह छह बजे से निगमायुक्त सहित सभी अधिकारी, मॉनिटर और सफाई कर्मचारी सड़क पर उतर आए और झाड़ू से लेकर शहर की सड़कों की धुलाई तक का काम शुरु कर दिया गया। कारण यह है कि ऑल इंडिया स्तर पर आज से सफाई की समीक्षा शुरु हो गई है और स्वच्छता सर्वेक्षण दल कभी भी दबे पांव शहर में पहुंच सकता है। अधिकारियों की दिक्कत यह है कि दल कब कहां जाएगा इसकी उन्हें कोई पूर्व जानकारी नहीं होगी और जब तक यह अलर्ट होंगे इनकी रिपोर्ट भेजी जा चुकी होगी। तब हाथ मलने के अलावा कुछ नहीं बचेगा। ऐसे में शहर की सफाई में कोई कोरकसर छोडऩे के मूड में निगमायुक्त नहीं हैं। इसे लेकर उन्होंने रात में ही अधिकारियों को भी अलर्ट कर दिया था। 
उल्लेखनीय है कि बीते साल शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल हुआ था, इसके बाद इस साल रैंकिंग में टॉप आने के लिए निगम ने काफी पहले ही सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के प्रयास शुरु कर दिए थे, हालांकि वह बात नहीं दिखी जो कि रैंकिंग में कुछ बढ़त दिलवा सके, लेकिन काम लगातार होता रहा। सुबह से लेकर रात तक सफाई कर्मचारी काम पर लगा दिए गए हैं, यही नहीं इसके लिए अलग-अलग महकमों से बनाए गए मॉनिटर भी सारी व्यवस्था पर निगाह रखे हुए हैं। वहीं अपर आयुक्त, उपायुक्त और स्वास्थ्य विभाग भी काम में जुटा है।
कहीं निगम की मेहनत पर पानी न फिर जाए ऐसे में खुद निगमायुक्त भी सुबह से सड़क पर आ गए और सफाई कर्मियों को सीधे ही निर्देश देते दिखे। वहीं अन्य अधिकारियों ने भी खुद खड़े होकर झाड़ू लगवाई और कचरा भी उठवाया साथ ही नागरिकों से भी अपील करते दिखे कि व सफाई में सहयोग करें और कहीं भी खुले में कचरा न डालते हुए डस्टबिन का ही उपयोग करें, ताकि शहर गंदा दिखाई न दे।
सड़कों के साथ ही शहर के तालों मुख्यत: सागरताल, बैजाताल, लक्ष्मण तलैया, जनक ताल, जल विहार आदि के पानी की भी सफाई की गई। यहां से काई आदि हटाने के साथ ही दवा का भी छिड़काव किया गया।
यहां न बिगड़ जाए खेल
शहर के मुख्य बाजार और कालोनियां तक तो ठीक है, लेकिन यदि मोहल्लों और बस्तियों में दल पहुंच गया तो फिर दिक्कत हो सकती है, क्योंकि यहां न तो समय पर गाडिय़ां ही पहुंच रहीं हैं और न डोर टू डोर कचरा संग्रहण ही हो रहा है। कई जगह तो सफाई कर्मचारी केवल ऊपरी कचरा समेटकर ही निकल लेते हैं और शेष कचरा दिनभर सारे क्षेत्र में फैलता रहता है। इनमें मुख्यत: लक्ष्मीगंज में संजय नगर, माधव नगर, जागृति नगर, नयापुरा, गेंडे वाली सड़क, उप नगर ग्वालियर का गदाई पुरा, रानी पुरा, लधेड़ी आदि यह वह क्षेत्र हैं जहां हर दूसरे रोज सीवर की गंदगी से लोग परेशान हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं।