हवाओं की बदलती चाल से पूरी तरह बदला मौसम

Mar 01 2021

ग्वालियर। हवाओं की बदलती चाल से मौसम पूरी तरह बदल गया है। रात में महसूस होने वाली ठंडक भी गायब हो गई है। स्थिति यह है कि रात में उमस और गर्मी महसूस होने लगी है जिसके कारण लोगों को पंखा-कूलर चालू करने पड़ रहे हैं। उधर दिन में धूप की तपन तेज हो गई है। लोगों ने दोपहर में घर से बाहर निकलना कम कर दिया है। स्थिति यही रही तो आने वाले दो-चार दिन में ही गर्मी अपने असर दिखाने लगेगी क्योंकि हवाओं की दिशा हर दिन बदलकर दक्षिण- पश्चिमी हो रही है। मौसम में बैचेनी का दूर शुरू हो गया है। दिन में जहां सूरज आंखे तरेरने लगा है वहीं रात में उमस और बैचेनी बढ़ रही है।
पिछले तीन चार दिन से मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों ने दिन की अपेक्षा शाम को बाहर निकलना शुरू कर दिया है। हालांकि दिन का तापमान अभी 35 के पार नहीं पहुंचा है। इस वजह से थोड़ी राहत है लेकिन न्यूनतम तापमान 17 के आसपास दर्ज हो रहा है जिसके कारण रात से लेकर सुबह तक जो ठंडक महसूस हो रही थी वह पूरी तरह गायब हो गई है। रात के समय लोगों को गरम कपड़े अलग कर पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई जगह तो कूलर व एसी भी चालू हो चुके हैं।