सड़क पर बेपरवाह दिख रहे हैं लोग, मास्क लगाने से परहेज

Feb 26 2021

ग्वालियर। गुरुवार को जारी कोरोना बुलेटिन में 18 लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि जिले में फिर से कोरोना संक्रमण का फैलाव शुरू हो गया है। लेकिन जिले में कोरोना के सैंकड़ों प्रकरण और कई मौतें होने के बाद भी लोग बेपरवाह दिखाई दे रहे हैं। पिछले वर्ष जुलाई में शासन के लॉकडाउन को अनलॉक करने के बाद कुछ समय तक लोगों ने कोविड के नियमों का पालन किया, लेकिन इसके बाद सबकुछ सामान्य हो गया।
अनलॉक के बाद फिर शहर में बाजार सुबह के समय खुले और सड़कों पर वाहनों की रेलमपेल दिखाई दे रही है। बता दें कि महाराष्ट्र सहित हाल ही में जिन राज्यों व जिलों में कोरोना के मरीज बढ़े हैं। इसको लेकर 23 फरवरी को डिस्ट्रिक क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा था कि जिले में कोविड-19 पर नियंत्रण के लिये आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जायेंगे। बैठक में आए सुझावों पर भी अमल कराया जायेगा। साथ ही लोगों को जागरूक करने के प्रयास भी होंगे। उन्होंने कहा जिले में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के प्रयास गंभीरता के साथ किए जायेंगे। लेकिन कल फिर से 18 कोरेाना के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और हेल्थ विभाग अलर्ट हो गया है। 
सड़कों पर टेम्पो और अन्य सवारी वाहन चलते दिखाई दे रहे हैं। वाहन संचालक सवारियों को एक-दूसरे से सटाकर बैठा रहे हैं। खास बात यह रही कि पुलिस के जवानों ने देाकर भी एक्शन नहीं लिया। पुलिस के जवान सिर्फ मास्क न लगाने वालों पर जुर्माना कर रही है। 
बाजारों में खरीदारी करने आए लोगों में कोरोना महामारी का भय दिखाई नहीं दे रहा है। कई लोग तो बिना मास्क के यहां-वहां घूम रहे हैं। हैरत की बात यह है कि कई स्थानों पर पुलिस के जवान भी बिना मास्क के दिखाई दे रहे हैं।
इधर ग्वालियर की सभी सीमाओं पर चेकिंग नहीं हो रही है। खासतौर से मुंबई से लेाग वाहन द्वारा ग्वालियर की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। विक्की फैक्ट्री पर बेरीकेड हटा लिया गया है। यहां पुलिस के जवान नदारद हैं।