कियोस्क संचालक को पीटा और लूट ले गए नगदी व जेवर

Feb 23 2021

ग्वालियर। भण्डारे में शामिल होने ताई-चाची के साथ जा रहे कियोस्क संचालक की मारपीट कर चार नकाबपोश बदमाशों ने जेवर व नगदी लूट ली। घटना आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम करई मोहना रोड स्थित कमडऊ की पुलिया की है। घटना के बाद नकाबपोश जंगल की तरफ भाग गए। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
सरवाया शिवपुरी निवासी सतीश धाकड़ पुत्र नारायण धाकड़ बीते रोज अपनी ताई फूलवती और चाची रेखा के साथ भण्डारे में शामिल होने जा रहा था। अभी वह आरोन थाना क्षेत्र के करवाई स्थित कमडऊ की पुलिया पर पहुंचा था कि तभी चार नकाबपोश युवक उनकी बाइक के सामने आ गए। टकराने से बचने के लिए जैसे ही उसने अपनी बाइक रोकी, तभी बदमाशों ने उस पर लाठी से वार कर दिया। 
सतीश को मारपीट से बचाने के लिए जैसे ही उसकी ताई फूलवती व चाची रेखा आई हमलावरों ने उसकी ताई और चाची की भी लाठियों से मारपीट कर दी। मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन जंगली इलाका होने से वहां पर कोई नहीं था। 
मारपीट के बाद बदमाशों ने महिलाओं से जेवर उतरवाए और सतीश की जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में 645 रुपए नगदी सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। लूटे गए जेवरों में एक मंगलसूत्र, कानों के बाले तथा झुमकी थी, जिनका वजन ढाई तोला था।
पिछले कुछ दिनों से बदमाश हाइवे पर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुरानी छावनी में ट्रक ड्राइवर तथा बिलौआ में एक अन्य चालक को लूटने के बाद आठ दिन में यह तीसरी वारदात है।