ट्रैक्टर- ट्राली रेलिंग तोड़कर दूसरी साइड पहुंची, 18 घायल

Feb 23 2021

ग्वालियर। ग्वालियर झांसी हाईवे पर जौरासी घाटी पर रात करीब 1 बजे मजदूरों को लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के आगे का पहिया निकल गया। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर लगी रेलिंग को तोड़कर रोड पर दूसरी ओर पहुंच गया। इससे ट्रॉली में सवार करीब 18 मजदूर घायल हो गएद्य जिन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से ग्वालियर अस्पताल ले जाया गया। वहीं बाकी के मजदूर घाटी में ही रोड किनारे रात भर लेटे रहे।
दरअसल ललितपुर से मजदूरों को लेकर एक ट्रैक्टर ट्रॉली रात करीब 1 बजे ग्वालियर की ओर आ रही थी। ट्रॉली में करीब 45 मजदूर ललितपुर, दतिया और शिवपुरी जिले के मनीखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्र के सवार थे। जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली जोरासी घाटी की ढलान पर पहुंचा तभी अचानक ट्रैक्टर के आगे का एक पहिया निकल गया।
इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ता हुआ रोड के दूसरी ओर डबरा की तरफ मुड़ गया। गनीमत रही कि ट्रॉली पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रैक्टर चला रहे आगरा निवासी राजेंद्र ने बताया की वह मजदूरों को आगरा में आलू निकालने के लिए ले जा रहा था।