उद्घाटन के बाद पहला रविवार सुबह से उमडऩा शुरु हुए सैलानी

Feb 21 2021

ग्वालियर। मेले के शुभारंभ के बाद आज पहला रविवार है। पहले रविवार को सुबह से ही सैलानियों की भीड़ मेले में उमडऩे लगी। सबसे ज्यादा भीड़ खान-पान के सेक्टर और झूला सेक्टर में देखी गई। वहीं इलेक्ट्रोनिक सामान खरीदने आए लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। अभी तक मेले में एक भी इलेक्ट्रोनिक शोरूम तैयार नहीं हुआ है। भीड़ का आलम यह था कि लोगों को मेले में चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधी-अधूरी दुकानें देखकर सैलानियों को निराशा का सामना करना पड़ा। वहीं फुटपाथ पर लगी दुकानों से मेले में रौनक दिखाई दे रही है। फुटपाथ पर दुकानों के अलावा बड़ी संख्या में चाट-पकोड़े के ठेले भी मेले में लगे हुए हैं।
इसके अलावा विक्रेता वाहनों पर कपड़े रखकर बेचते नजर आए। इसके अलावा शिल्प बाजार में लगे मृगनयनी क्राफ्ट मेले में भी सुबह से जमकर भीड़ उमड़ी। सैलानियों ने मेले में पहले रविवार को जमकर खरीदारी की। 
झूला झूलने के लिए सैलानी बड़ी संख्या में झूला सेक्टर पहुंचे। झूले के टिकट पाने के लिए लोगों को अपनी बारी आने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। टिकट के लिए झूला सेक्टर में सैलानियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। मेले में खानपान के स्टॉल के अलावा सैलानियों ने सॉफ्टी का भी जमकर मजा लिया।
शिल्प बाजार में मिल रहे हाथ से बने पर्स और कमर पाउच युवतियों को खासे पसंद आ रहे हैं। शिल्प बाजार के क्राफ्ट मेले में उपनगर ग्वालियर की घासमंडी की कुसुम कुशवाह ने स्टॉल लगाया है। उन्होंने हाथ से लेदर के पर्स, हैंड पर्स, लेडिज के छोटे-बड़े पर्स, जेंट्स पर्स, कमर पाउच, हैंड बैग आदि बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने हाथ से जेंट्स के बेल्ट भी बनाए हैं। श्रीमती कुशवाह मेले में 1991 से व्यापार करने आ रही हंै।